Site icon Revoi.in

‘असल और फिल्मी दुनिया में फर्क’, कंगना रनौत पर सुप्रिया श्रीनेत के आपत्तिजनक पोस्ट पर भाजपा का पलटवार

Social Share

नई दिल्ली, 26 मार्च। कांग्रेस नेता और राष्ट्रीप प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत का मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत पर एक पोस्ट करना भारी पड़ गया है। विवाद बढ़ता जा रहा है। अब भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सुप्रिया श्रीनेत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आश्चर्य होता है कि कांग्रेस महिलाओं और कलाकारों के प्रति ऐसी सोच रखती है। असल और फिल्मी दुनिया में फर्क होता है।

गौरतलब है कि भाजपा ने बीते रविवार को लोकसभा चुनाव के अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की थी। इसमें भाजपा ने घोषणा की कि हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा चुनाव के लिए कंगना रनौत को अपना उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम का एलान होने के बाद कांग्रेस नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के सोशल मीडिया अकाउंट से कंगना रनौत को लेकर अभद्र पोस्ट किया गया, जिसके चलते भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे है। हालांकि, श्रीनेत सफाई भी दे चुकी हैं।

मनोज तिवारी ने कहा, ‘आज हमने कांग्रेस का एक बयान सुना। भारत की एक बेटी, महिला और कलाकार के लिए। कंगना रनौत के लिए, जो मंडी से लोकसभा प्रत्याशी बनी हैं। लेकिन कांग्रेस के बयान से मैं हैरान हूं कि वह महिलाओं और कलाकारों के प्रति ऐसी घिनौनी सोच रखती है। जो अच्छे संस्कार वाले हैं, उन्हें पता है कि असल और फिल्मी दुनिया में फर्क होता है। फिल्मी दुनिया में एक कलाकार को कई भूमिकाएं निभानी होती हैं। भाजपा भारत के कलाकारों और महिलाओं का सम्मान करती है।’

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘कल, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और आईटी सेल की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने एक अशोभनीय पोस्ट के माध्यम से ‘नारी शक्ति’ का अपमान किया। यह सिर्फ कंगना रनौत या महिलाओं का अपमान नहीं है बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश का अपमान है। इतना समय बीतने के बाद भी कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता का कोई बयान नहीं आया है। वैसे पार्टी का तथाकथित नारा है ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’। पर प्रियंका गांधी वाड्रा जी आपकी पार्टी का चलन तो ऐसा लगता है कि ‘लड़की हूं, तो क्या कांग्रेस से बच सकती हूं।’