नई दिल्ली, 25 अगस्त: दिल्ली-NCR में मंगलवार सुबह से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए अगले दो से तीन घंटों के दौरान रेड अलर्ट जारी किया है। इससे पहले दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया गया।
दिल्ली के सभी इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ-ईस्ट दिल्ली, साउथ-वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में मौसम खराब रहने की आशंका है। इन इलाकों में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से जारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें पानी में डूब गई हैं। निचले इलाकों में जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हुई है।
यूपी के कई जिलों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, शामली, सुल्तानपुर और वाराणसी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों में मध्यम बारिश का भी पूर्वानुमान है।
इन राज्यों में भी मौसम रहेगा खराब
केरल के कन्नूर, कासरगोड, कोझिकोड, लक्षद्वीप, मलप्पुरम, त्रिशूर और वायनाड में भी तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश के छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। इसके अलावा हरियाणा के पानीपत और सोनीपत तथा उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश, तूफान और बिजली गिरने की आशंका है।
IMD ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासतौर पर तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने, घर से निकलने से पहले सड़क और ट्रैफिक की स्थिति देखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


