Delhi Building Collapse: CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन, मालिक के खिलाफ FIR, दोषी अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

नई दिल्ली 7 सितम्बर । दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही या चूक के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

बेसमेंट में पानी भरने से कमजोर हुए थे पिलर

रेखा गुप्ता ने बताया कि हादसे में गिरी इमारत काफी पुरानी थी। उनके अनुसार, बेसमेंट में पानी भरने के कारण इमारत के पिलर कमजोर हो गए थे, जिसके चलते पूरी इमारत ढह गई। उन्होंने बताया कि इमारत के ठीक पीछे मौजूद एक अन्य भवन को भी पूरी तरह खाली करा लिया गया है। एहतियाती कदम के तौर पर उसे गिराने की कार्रवाई की जाएगी।

PG, नर्सिंग होम और स्कूलों के स्ट्रक्चरल ऑडिट की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार नगर निगम के साथ मिलकर एक ऐसी नीति तैयार कर रही है, जिसके तहत सार्वजनिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाली इमारतों का समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जा सके।

इस नीति के दायरे में PG accommodation, नर्सिंग होम और स्कूल जैसी इमारतें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि जिन इमारतों को संरचनात्मक रूप से सुरक्षित प्रमाणित नहीं किया जाएगा, वहां किसी भी तरह की सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।

असुरक्षित PG में छात्रों को नहीं रहने देंगे

रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार छात्रों को असुरक्षित PG accommodation में रहने की अनुमति नहीं देगी। हादसे के बाद इलाके से निकाले गए छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित छात्रों की जरूरतों और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में प्रभावित लोगों के माता-पिता से भी सरकार सीधे संपर्क में है।

घटनास्थल पर फिर पहुंचीं मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह घटनास्थल का दोबारा दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जारी बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया। हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने इमारत मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और यदि जांच में एमसीडी अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

आर्यभट्ट कॉलेज सोमवार को बंद

सत्य निकेतन हादसे के चलते दिल्ली के साउथ कैंपस स्थित आर्यभट्ट कॉलेज में सोमवार को पढ़ाई बंद रही। कॉलेज के गेट पर लगाए गए नोटिस में बताया गया कि हादसे के कारण कॉलेज प्रभावित छात्रों के लिए अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, छात्रों की मदद और सहयोग के लिए कॉलेज के शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे।

हादसे में 6 लोगों की मौत

बता दें कि रविवार दोपहर दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन की एक संकरी गली में स्थित करीब 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। इस इमारत में लड़कों का हॉस्टल संचालित हो रहा था। दिल्ली एम्स के मुताबिक, हादसे में घायल 11 मरीजों को जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। इनमें से पांच को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह एम्स ने कुल 6 मौतों की पुष्टि की है। एम्स के अनुसार, तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। एक मरीज की अंग की सर्जरी की गई, जबकि मामूली रूप से घायल एक मरीज को निगरानी के बाद छुट्टी दे दी गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular