1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : अंततः गत उपजेता पंजाब किंग्स का अजेय क्रम टूटा, अंतिम ओवर में RR की रोमांचक जीत
आईपीएल-19 : अंततः गत उपजेता पंजाब किंग्स का अजेय क्रम टूटा, अंतिम ओवर में RR की रोमांचक जीत

आईपीएल-19 : अंततः गत उपजेता पंजाब किंग्स का अजेय क्रम टूटा, अंतिम ओवर में RR की रोमांचक जीत

0
Social Share

न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार की रात बल्लेबाजी पराक्रम के बीच अंततः गत उपजेता पंजाब किंग्स (PBKS) का अजेय क्रम टूटा और अंतिम ओवर तक खिंचे टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चार गेंदों के शेष रहते छह विकेट से जीत हासिल कर ली।

प्रभसिमरन के बाद स्टोइनिस के आक्रामक पचासे से 222 रनों तक पहुंचा PBKS

पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण पाने वाले मेजबान दल ने ओपनर प्रभसिमरन सिंह (59 रन, 44 गेंद, एक छक्का, छह चौके), प्रियांश आर्य (29 रन, 11 गेंद, एक छक्का, पांच चौके), कूपर कोनोली (30 रन, 14 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (30 रन, 27 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के बाद के बाद मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 62 रन, 22 गेंद, छह छक्के, चार चौके) के विस्फोटक अर्धशतकीय प्रहार से चार विकेट पर 222 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

यशस्वी व वैभव ने राजस्थान को दी तेज शुरुआत

जवाबी काररवाई में शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ लेने वाले यशस्वी जायसवाल (51 रन, 27 गेंद, एक छक्का, सात चौके) ने वैभव सूर्यवंशी (43 रन, 16 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) व ध्रुव जुरेल (16 रन, 20 गेंद, एक छक्का) संग दो अर्धशतकीय भागीदारियां कर दीं। इस क्रम में पावरप्ले के दौरान 84 रन जुड़ चुके थे।

डोनोवान व शुभम ने ताबड़तोड़ साझेदारी से पक्की की जीत

उसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ डोनोवाल फरेरा (नाबाद 52 रन, 26 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) व शुभम दुबे (नाबाद 31 रन, 12 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने मोर्चा संभाला और विपक्षी गेंदबाजों पर बेरहमी से प्रहार करते हुए 77 रनों की अटूट ताबड़तोड़ साझेदारी से RR की जीत पक्की कर दी, जिसने 19.2 ओवरों में 228 रन बना लिए।

पंजाब किंग्स को लगातार 6 जीत के बाद मिली हार

दिलचस्प यह है कि पंजाब किंग्स ने लगातार छह जीत के सहारे खुद को अंक तालिका में शीर्ष पर बनाए रखा था। उसे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश से रद हुए मैच से भी एक अंक मिला था। फिलहाल आठ मैचों में पहली पराजय के बावजूद श्रेयय अय्यर की टीम 13 अंकों के साथ अब भी शीर्ष पर बनी हुई है।

स्कोर कार्ड

वहीं राजस्थान रॉयल्स नौ मैचों में छठी जीत के साथ 12 अंक लेकर गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बाद तीसरे स्थान पर है। आरसीबी के आठ मैचों में 12 अंक हैं। हालांकि नेट रन रेट में वह राजस्थान से बेहतर है।

यशस्वी व रघुवंशी के बीच 20 गेंदों पर उड़ गए 51 रन

कठिन लक्ष्य के सामने राजस्थान की बल्लेबाजी देखें तो यशस्वी व वैभव ने तूफानी अंदाज में शुरुआत की और सिर्फ 20 गेंदों पर 51 रन उड़ा दिए। काफी महंगे साबित हुए अर्शदीप सिंह (1-68) ने वैभव की पारी पर विराम लगाया तो सत्र का तीसरा अर्धशतक लगाने वाले यशस्वी संग ध्रुव जुरेल ने 38 गेंदों पर 54 रन ठोक दिए। हालांकि रनों की रफ्तार जारी थी, लेकिन इसी दौरान युजवेंद्र चहल (3-36) ने अपने लगातार ओवरों में जुरेल, यशस्वी और कप्तान रियाग पराग (29 रन, 16 गेंद, दो छक्के,दो चौके) को लौटा दिया (4-151)।

फरेरा व शिवम ने 32 गेंदों पर ठोक डाले मैच जिताऊ 77 रन

फिलहाल दक्षिण अफ्रीकी डोनोवान और शिवम ने विपक्षी गेंदबाजों पर निर्ममता से प्रहार जारी रखा। आखिरी ओवरों में फरेरा ने लगातार बड़े शॉट लगाकर 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 32 गेंदों पर अटूट 77 रनों की साझेदारी से पंजाब किंग्स को सत्र की पहली हार का स्वाद चखने को बाध्य कर दिया।

प्रभसिमरन के नाम सत्र का चौथा अर्धशतक

इसके पूर्व प्रभसिमरन व प्रियांश ने सिर्फ 17 गेंदों पर 37 रन जोड़ते हुए पंजाब को तेज शुरुआत दी, तभी जोफ्रा आर्चर ने प्रियांश को लौटा दिया। हालांकि प्रभसिमरन ने कूपर संग 33 गेंदों पर 59 व श्रेयस के साथ 34 गेंदों पर 48 रनों की दो तेज साझेदारियां कर दीं। सत्र का चौथा व लगातार दूसरा पचासा जड़ने वाले प्रभसिमरन को 19 वर्षीय स्पिनर यश राज पुंजा (2-41) के रूप में अपना दूसरा शिकार किया।

स्टोइनिस ने की छक्कों की बौछार, सूर्यांश संग 12 गेंदों पर जड़े 41 रन 

लेकिन स्टोइनिस ने उतरते ही आक्रामक अंदाज अपना लिया। उन्होंने श्रेयस के साथ 24 गेंदों पर 37 रन जोड़ने के बाद सूर्यांश शेडगे (नाबाद तीन रन) की मौजूदगी में खुद छक्कों की बौछार कर दी और सिर्फ 12 गेंदों पर अटूट 41 रनों की भागीदारी से टीम को सवा दो सौ के करीब पहुंचा दिया। हालांकि यह स्कोर भी बाद में RR के बल्लेबाजों के सामने नाकाफी साबित हुआ।

बुधवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code