1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. चीन ने पहली बार स्वीकार किया – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय वह पाकिस्तान की मदद कर रहा था
चीन ने पहली बार स्वीकार किया – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय वह पाकिस्तान की मदद कर रहा था

चीन ने पहली बार स्वीकार किया – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय वह पाकिस्तान की मदद कर रहा था

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 मई। चीन ने पहली बार आधिकारिक तौर पर माना है कि भारतीय सेना पिछले वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए जब पाकिस्तानी सीमा में घुसकर आतंकी कैंपों को तबाह कर रही थी, तब चीनी इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ ऑन-साइट रहकर पाकिस्तान की मदद कर रहे थे।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी सरकारी मीडिया पर प्रसारित एक इंटरव्यू में ‘एविएशन इंडस्ट्री कॉर्पोरेशन ऑफ चाइना’ (AVIC) के इंजीनियर झांग हेंग ने इस बात की पुष्टि की है।

चीनी इंजीनियर ने क्या बताया?

चीनी इंजीनियर हेंग ने बताया कि युद्ध में वे तकनीकी मदद पहुंचा रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मई की उस गर्मी में तापमान 50 डिग्री के करीब था। हम पाकिस्तान के सपोर्ट बेस पर थे, जहां लगातार फाइटर जेट्स की दहाड़ और एयर-रेड सायरन की आवाजें गूंजती रहती थीं। यह हमारे लिए मानसिक और शारीरिक रूप से एक कठिन परीक्षा थी।’ चीनी विशेषज्ञों ने बताया कि वे मौके पर इसलिए मौजूद थे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके विमान अपनी पूरी युद्ध क्षमता का प्रदर्शन कर सकें।

पाकिस्तान में अपने हथियारों की टेस्टिंग कर रहा था चीन

एक अन्य कर्मचारी जू दा ने यह भी कबूला कि चीन उस दौरान पाकिस्तान में अपने हथियारों की टेस्टिंग कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘हमने J-10 को पाला-पोसा, इसकी देखभाल की और आखिर में इसे यूजर को सौंप दिया। और यह एक बड़ी परीक्षा का सामना कर रहा था।’

गौरतलब है कि J-10CE चीन के J-10C 4.5-जेनरेशन फाइटर जेट का एक एक्सपोर्ट वैरिएंट है। इसे J-10 सीरीज का सबसे एडवांस्ड मॉडल माना जाता है। चीन के अलावा J-10C का इकलौता ऑपरेटर पाकिस्तान है। पाकिस्तान ने 2020 में चीन को 36 जेट्स के ऑर्डर दिए थे।

भारत ने पिछले ही वर्ष कर दिया था चीन को बेनकाब

दिलचस्प यह है कि भारतीय सेना ने पिछले वर्ष ही चीन के इस दोहरे चेहरे को बेनकाब कर दिया था। जुलाई, 2025 में लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह ने बताया था कि पाकिस्तान असल में चीन के लिए एक ‘लाइव लैब’ की तरह है, जहां चीन अपने हथियारों को टेस्ट करता है। भारत ने बताया था कि चीन अपने सैटेलाइट्स के जरिए भारतीय सैन्य ठिकानों की ‘लाइव लोकेशन’ और खुफिया जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा कर रहा था। युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने चीन की PL-15 मिसाइलों और तुर्की के ड्रोन्स का भी इस्तेमाल किया था।

अमेरिकी रिपोर्ट में भी हो चुका है खुलासा

हाल ही में अमेरिकी रक्षा विभाग की एक रिपोर्ट में भी यह बात सामने आई थी कि चीन ने सीधे युद्ध में कूदे बिना पाकिस्तान को इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर, साइबर एक्टिविटी और इंटेलिजेंस सपोर्ट के जरिए भारी मदद पहुंचाई थी। चीनी सैटेलाइट कवरेज ने पाकिस्तान को रियल टाइम में भारतीय सेना की मूवमेंट देखने में मदद की थी।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत ने पाक को किया पस्त

उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए निर्मम आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इसके तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था। इस दौरान 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। इसके बाद अपने पाले हुए आतंकियों पर काररवाई से पाकिस्तान बौखला गया और भारत पर कायराना हमले करने लगा। हालांकि भारत ने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को भी तबाह कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान सीजफायर के लिए गिड़गिड़ाने लगा और अंत में 10 मई को सीजफायर हुआ।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code