1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात : वडोदरा में खड़े ट्रक से टकराई बस, 6 लोगों की मौत, 26 अन्य गंभीर रूप से घायल
गुजरात : वडोदरा में खड़े ट्रक से टकराई बस, 6 लोगों की मौत, 26 अन्य गंभीर रूप से घायल

गुजरात : वडोदरा में खड़े ट्रक से टकराई बस, 6 लोगों की मौत, 26 अन्य गंभीर रूप से घायल

0
Social Share

वडोदरा, 17 जून। गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के दर्दनाक हादसा हुआ, जब राजस्थान से सूरत जा रही एक निजी बस राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार यह हादसा वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर कोटांबी गांव के पास तड़के करीब चार बजे हुआ। घायलों को इलाज के लिए वडोदरा के सयाजी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान से सूरत जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम के पास पहुंचते ही एक ट्रक के पीछे से टकरा गई। टक्कर होते ही बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वडोदरा के जिला पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान से सूरत जा रही लग्जरी बस, ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक टायर में हवा के दबाव की जांच रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे

अग्रवाल ने कहा, ‘टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’ बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गैस कटर समेत कई औजारों से बस के हिस्सों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत वडोदरा के सयाजी हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code