एशियाई खेल : बैडमिंटन में भारतीय उम्मीदों को झटका, गत चैम्पियन सात्विक व चिराग की जोड़ी पहले ही दौर में हारी

इचिनोमिया (जापान), 25 सितम्बर। एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की बैडमिंटन स्पर्धा के टीम मुकाबलों में इकलौते कांस्य से संतोष करने वाले भारतीय दल को व्यक्तिगत वर्ग में बड़ा झटका लगा, जब पुरुष युगल में गत चैम्पियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की जोड़ी शुक्रवार को पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गई।

तनिशा क्रास्टो ध्रुव कपिला मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में

हालांकि तनिशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने लगातार दो जीत दर्ज कर मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं महिला युगल में त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद और महिला एकल में उन्नति हुड्डा ने पहली बाधा पार की। पुरुष एकल मुकाबले शनिवार से शुरू होंगे।

थाई जोड़ी से हारे सात्विक-चिराग

इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम के कोर्ट पर उतरे पूर्व विश्व नंबर एक सात्विक व चिराग पहला गेम जीतने के बाद अंत में लय खो बैठे और एक घंटा 68 मिनट तक खिंचे संघर्ष में थाईलैंड के पक्कापोन तीरारत्साकुल व पीराचाई सुकफुन के हाथों 21-12, 19-21, 14-21 से हार गए।

तनिशा व ध्रुव ने जीते लगातार दो मुकाबले

खैर, तनिशा व ध्रुव ने पहले दौर में मालदीव की निबाल अहमद व अमिनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक को 21-8, 21-7 से हराया। फिर उन्होंने मलेशिया की शेवन जेनी लाई व सून हुआट गोह की जोड़ी को एक घंटे चले कड़े मुकाबले में 22-20, 24-22 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीन की यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी से होगा।

त्रिशा-गायत्रा के अलावा उन्नति भी दूसरे दौर में

महिला युगल में त्रिशा जॉली व गायत्री गोपीचंद को हांगकांग की हियू यान सांग और लोक लोक लुई को तीन गेमों तक चले मुकाबले में 21-16 16-21 21-16 से हराने में मशक्कत करनी पड़ी। इससे पहले महिला एकल में उन्नति हुड्डा ने भी दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। उन्होंने उत्तर कोरिया की मी सोंग यू को 30 मिनट में 21-9, 21-10 से हराया।

महिला हॉकी टीम लगातार चौथी जीत से सेमीफाइनल में

इस बीच महिला हॉकी टीम ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमाफाइनल में प्रवेश कर लिया है। काकामिगाहारा के कावासाकी जुको स्टेडियम में खेले गए पूल बी मैच में भारत ने मेजबान जापान को 3-1 से परास्त किया और लगातार चौथी जीत से पूल में सर्वोच्च स्थान पर रहते हुए अंतिम चार का टिकट कटाया।

दीपिका पहली बार गोल करने में असफल रहीं

इस मैच का दिलचस्प पहलू यह रहा कि फॉरवर्ड व ड्रैग-फ्लिक स्पेशलिस्ट दीपिका सहरावत चार मैचों में वह पहली बार कोई गोल नहीं कर सकीं, जिन्होंने शुरुआती तीन मैचों में अकेले 20 गोल ठोके थे। फिलहाल पहले हाफ में 2-0 की बढ़त हासिल कर कर चुकी भारतीय टीम के लिए लालरेम्सियामी, इशिका व नवनीत कौर ने गोल किए। जापान का इकलौता गोल अंतिम क्वार्टर में कोबायाकावा शिहो ने किया। उधर पुरुष वर्ग के पूल ए में तीन जीत से शीर्ष पर काबिज गत चैम्पियन भारतीय टीम शनिवार को मेजबान जापान के खिलाफ भी जीत से सेमीफाइनल में स्थान पक्का करने उतरेगी।

स्क्वाश में तीन पदक पक्के

उधर भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ियों ने तीन पदक पक्के कर लिए। जोशना चिनप्पा व वेलावन सेंथिलकुमार ने मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि अनाहत सिंह और अभय सिंह ने एकल स्पर्धाओं के अंतिम चार में प्रवेश किया।

जोशना-सेंथिलकुमार मिश्रित युगल में सेमीफाइनल खेलेंगे

रिकॉर्ड सातवें एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहीं 40 वर्षीय जोशना और पहली बार इन खेलों में भाग ले रहे सेंथिलकुमार ने क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के डेविड पेलिनो व जेमिका अरिबाडो की जोड़ी को 11-3, 11-5 से हराया।

अनाहत व अभय सिंह एकल सेमीफाइनल में

महिला एकल में जूनियर विश्व चैम्पियन अनाहत सिंह ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन तन्वी खन्ना को 11-2, 11-5, 11-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अनाहत की नजर अब 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में जगह बनाने पर भी है। पुरुष एकल में अभय सिंह ने स्थानीय खिलाड़ी रयोनोसुके त्सुकुए को 11-4, 11-3, 11-6 से हराया। सेमीफाइनल में उनका सामना पाकिस्ता के इरफान मुहमम्द से होगा।

कबड्डी में दोनों टीमें शनिवार को खिताब बचाने उतरेंगी

कबड्डी में खिताब की रक्षा करने उतरीं भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने भी अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाकर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। दोनों टीमें शनिवार को होने वाले फाइनल में ईरान से भिड़ेंगी। महिला टीम ने नेपाल पर 48-24 से जीत हासिल की जबकि पुरुषों ने थाईलैंड के खिलाफ 66-28 से जीत दर्ज करके नौवां स्वर्ण पदक जीतने की अपनी उम्मीदें प्रबल कर ली।

तरणताल से एक भी पदक नहीं

हालांकि तैराकी में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा, जब अनुभवी साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई फाइनल में निराशाजनक सातवें स्थान पर रहे जबकि ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धाओं में क्रमशः छठा और सातवां स्थान हासिल किया, जिससे भारत को तरणताल से कोई पदक नहीं मिला।

मुक्केबाजी : सचिन सिवाच अंतिम 8 में, पिछली कांस्य विजेता प्रीति बाहर

मुक्केबाजी में भारत के सचिन सिवाच ने जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह पर कड़े मुकाबले में जीत हासिल करके पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लेकिन पिछले सत्र की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार का सफर खत्म हो गया।

तलवारबाजी : वहीं तलवारबाजी में पुरुषों की फॉइल और महिलाओं की ईपी दोनों टीमें राउंड ऑफ 16 में ही बाहर हो गईं। पुरुषों की फॉइल टीम को हांगकांग से 27-45 से हार का सामना करना पड़ा जबकि महिलाओं की ईपी टीम उज्बेकिस्तान से 29-45 से हार गई।

पदक तालिका में भारत 12वें स्थान पर 

खेलों के छठे दिन की पदक स्पर्धाओं पर नजर डालें तो भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत व तीन कांस्य सहित छह पदक जीते। फिलहाल शुक्रवार की स्पर्धाओं की समाप्ति पर भारत पदक तालिका में 23 पदकों (2+9+12) के साथ 12वें स्थान पर पिछड़ा हुआ है। वहीं अग्रणी चीन स्वर्ण पदकों का शतक पूरा करने से सिर्फ दो पायदान दूर है। उसकी झोली में अब तक कुल 159 पदक (98+37+24) गिर चुके हैं। मेजबान जापान (28+43+44=115) व कोरिया गणराज्य (13+17+34=64) क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular