नई दिल्ली, 21 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संसद मार्ग थाना परिसर स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर ‘ओछी और अराजक राजनीति’ करने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे पर अपने रुख से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिन में दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। वह 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। पीड़ित छात्र साहिल को लेकर पहुंचे राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, कुमारी शैलजा और सलमान खुर्शीद सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। अंततः पांच घंटे की तनातनी के बाद थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा नेता जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी का यह धरना न तो छात्रों के हित में है और न ही न्याय के लिए हित में हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और मीडिया ध्यान की भूख का प्रतीक बताया।
राहुल गांधी जी का आज का यह धरना न तो छात्रों के लिए है और न ही न्याय के लिए है, यह कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक हताशा का प्रतीक है और राहुल गाँधी की 'फुटेज खाने की भूख' है।
आज कांग्रेस पार्टी 'वंदे मातरम्' के मुद्दे पर पूरे देश में चारों ओर से घिर चुकी है। राष्ट्रगीत के अपमान को… pic.twitter.com/RY8Y7nDwO5
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) August 21, 2026
‘यह पूरा नाटक ‘वंदे मातरम्’ विवाद से ध्यान भटकाने की कोशिश’
जेपी नड्डा ने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई की घटना पर पहले ही संज्ञान लेते हुए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी है। जब सुप्रीम कोर्ट जांच कर रहा है तो थाने के बाहर कैमरे के सामने बैठकर राहुल गांधी क्या साबित करना चाहते हैं।’ नड्डा ने आरोप लगाया कि यह पूरा नाटक ‘वंदे मातरम्’ विवाद से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।
It is unfortunate that the Leader of Opposition, Rahul Gandhi, is indulging in what we call anarchic politics. He is currently sitting on a dharna at the Parliament Street Police Station without permission or prior notice. The police have informed him that an FIR has already been… pic.twitter.com/bGripTXNlf
— Ravi Shankar Prasad (@rsprasad) August 21, 2026
रविशंकर प्रसाद बोले – विपक्ष के नेता अराजकता की राजनीति कर रहे
वहीं, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता अराजकता की राजनीति कर रहे हैं। बिना अनुमति और पूर्व सूचना के थाने के बाहर धरना दे रहे हैं। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है। क्या राहुल गांधी कानून का सम्मान नहीं करते।’ रविशंकर प्रसाद ने भी इसे ‘वंदे मातरम्’ मुद्दे पर फंसी कांग्रेस द्वारा ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।


