नई दिल्ली, 8 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास सहित दो अन्य नेताओं – अभिजीत दिपके व आशुतोष रांका पर दो करोड़ रुपये का मानहानि का दावा ठोक दिया है। भाटिया की याचिका पर पर बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी।
गौरव भाटिया ने यह केस बीते दिनों सौरव दास द्वारा शेयर की गई एक फेक फोटो को लेकर किया है, जिसमें भाटिया के हवाले से हिन्दूवादी इंफ्लूएंसर स्वतंत्र कुमार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना बताया गया था। भाटिया ने सौरव से 24 घंटे के अंदर पोस्ट डिलीट करने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा था। हालांकि सौरव ने वह पोस्ट तो डिलीट कर दी थी, लेकिन माफी नहीं मांगी थी। उसके बाद अब भाटिया ने उनके खिलाफ कानूनी काररवाई करते हुए दो करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा कर दिया है।
CJP नेताओं पर AI-जनरेटेड फर्जी ग्राफिक फोटो शेयर और वायरल करने का आरोप
भाटिया ने अपने केस में CJP नेताओं पर AI-जनरेटेड फर्जी ग्राफिक फोटो शेयर करने और उसे वायरल करने का आरोप लगाया है। इस फोटो में भाटिया पर झूठा आरोप लगाया गया था कि उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज को ‘दिमागी नक्सल’ और ‘जातिवादी’ कहा था।
भाटिया बोले – ‘जब आरोप अपनी सीमा लांघते हैं, तब कानून अपनी लकीर खींचता है‘
भाजपा नेता ने इस केस के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘जब आरोप अपनी सीमा लांघते हैं, तब कानून अपनी लकीर खींचता है। दो करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा। कल यह मानहानि मामला माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होगा।’
जब आरोप अपनी सीमा लांघते हैं, तब कानून अपनी लकीर खींचता है।
₹2 करोड़ का मानहानि का मुकदमा।
कल यह मानहानि मामला माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होगा।
ना कोई सोशल मीडिया ट्रायल।
ना बयानों की जंग।सिर्फ तथ्य, सबूत और कानून का राज।
सच की परीक्षा… pic.twitter.com/fk2RWpHUSD— Gaurav Bhatia गौरव भाटिया 🇮🇳 (@gauravbhatiabjp) September 8, 2026
सिर्फ तथ्य, सबूत और कानून का राज
अपनी पोस्ट में आगे उन्होंने बताया कि सच की परीक्षा वहीं होगी, जहां होनी चाहिए, यानी अदालत में। उन्होंने लिखा, ‘ना कोई सोशल मीडिया ट्रायल। ना बयानों की जंग। सिर्फ तथ्य, सबूत और कानून का राज। सच की परीक्षा वहीं होगी, जहां होनी चाहिए—अदालत में।’ इसके बाद एक अन्य पोस्ट में भाटिया ने लिखा, ‘कल अदालत में गूंजेगी हर ठोस दलील, झूठ के ताबूत में ठोकी जाएगी आखिरी कील।’
कल अदालत में गूंजेगी हर ठोस दलील,🔥
झूठ के ताबूत में ठोकी जाएगी आखिरी कील। 🪳 pic.twitter.com/WNVXgc1Dzt— Gaurav Bhatia गौरव भाटिया 🇮🇳 (@gauravbhatiabjp) September 8, 2026
ये है यह पूरा विवाद
दरअसल, सौरव दास ने एक्स पर जो पोस्ट शेयर किया था, उसमें एक मीडिया संस्थान का नाम था और नीचे गौरव भाटिया के हवाले से बयान लिखा था, ‘स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवा दिमागी नक्सली है उसके अंदर जातिवादी जहर भरा हुआ था। भाजपा सरकार से इसका कोई लेना नहीं है।’ इस बयान के नीचे गौरव भाटिया के नाम के साथ भाजपा नेता लिखा हुआ था और उनकी तस्वीर लगी हुई थी। इसी फोटो को सौरव दास ने ‘नो कमेंट्स अगेन’ (कुछ नहीं कहूंगा) लिखकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था।
सौरव की पोस्ट पर क्या बोले थे भाटिया
सौरव दास की उसी पोस्ट को शेयर करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने इसे फर्जी बताया था, साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी थी। उन्होंने कहा था, ‘यह एक फर्जी (फेक) पोस्ट है, इसे डिलीट करके माफी मांगने के लिए आपके पास 24 घंटे हैं।’
वहीं भाटिया की इस पोस्ट के बाद जब सौरव दास ने अपनी वह पोस्ट डिलीट कर दी तो इसके बाद शेयर की एक अन्य पोस्ट में भाटिया ने लिखा था, ‘पोस्ट को डिलीट होने में केवल 83 मिनट लगे, लेकिन बिना शर्त माफी अब भी नहीं मांगी गई है। यदि बिना शर्त माफी नहीं मांगी गई, तो कल FIR दर्ज हो सकती है। प्रोपेगैंडा फैलाकर बस पोस्ट डिलीट करके भाग नहीं सकते।’


