लखनऊ/देहरादून, 13 नवंबर। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। उत्तर प्रदेश में दो आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, जबकि 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार यादव को राज्यपाल का एडीसी (निजी सहायक) नियुक्त किया गया है।
वहीं, उत्तराखंड शासन ने पीसीएस संवर्ग के 24 अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उत्तर प्रदेश में जारी तबादला आदेश के मुताबिक, अजय कुमार सहानी को डीआईजी रेंज मुरादाबाद बनाया गया है। वहीं, मुनिराज जी को डीआईजी रेंज बरेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार यादव को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल का एडीसी नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड में 24 PCS अधिकारियों के तबादले
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पीसीएस संवर्ग के 24 अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। इस फेरबदल में देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चमोली, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादला आदेश के अनुसार, राजकुमार पांडे और अभय प्रताप सिंह को डिप्टी कलेक्टर देहरादून बनाया गया है। उत्तरकाशी में तैनात बृजेश कुमार तिवारी को टिहरी भेजा गया है। वहीं, अजयवीर सिंह को भी डिप्टी कलेक्टर टिहरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नैनीताल में शिप्रा जोशी, तुषार सैनी, गौरव पांडे और अमृता शर्मा को डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनाती दी गई है। अपर्णा ढोंडियाल को अधिशासी निदेशक, डोईवाला चीनी मिल बनाया गया है, जबकि मनीष बिष्ट को निदेशक प्रशासन एवं मॉनिटरिंग, पंतनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
अन्य तबादलों में देवानंद को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी और कृष्णा त्रिपाठी को डिप्टी कलेक्टर चमोली बनाया गया है। नवाजिश खलिक को अल्मोड़ा भेजा गया है, जबकि चंद्रशेखर और अबरार अहमद को उत्तरकाशी में तैनाती दी गई है। इसके अलावा कुमकुम जोशी, शालिनी मौर्य, मंजू राजपूत और नीतू डागर को हरिद्वार भेजा गया है। रेखा कोहली, संजय कुमार और रेखा को ऊधमसिंह नगर में नई जिम्मेदारी दी गई है। मुकेश चंद्र रमोला को देहरादून और सुनील कुमार को रुद्रप्रयाग भेजा गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद दोनों राज्यों में अधिकारियों की नई तैनाती के साथ प्रशासनिक कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।


