बिहार : सीएम नीतीश ने ‘मुख्यमंत्री रोजगार योजना’ के तहत 25 लाख महिलाओं के खातों में भेजे 10-10 हजार रुपये
पटना, 16 फरवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की 25 लाख लाभार्थी महिलाओं के खातों में एक क्लिक से 10-10 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की।
अब तक 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों 18,100 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने 10 हजार रुपये प्रति महिला को 2,500 करोड़ रुपये की राशि का रिमोट का बटन दबाकर हस्तांतरण किया। इसके पूर्व 1.56 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खाते में 15,600 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। अब कुल मिलाकर 1.81 करोड़ महिलाओं के खाते में 10,000 रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) February 16, 2026
सीएम नीतीश ने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस से बड़ी संख्या में जुड़ीं सभी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना में दी गई सहायता से काफी संख्या में महिलाओं ने अपनी पसंद का रोजगार शुरू किया है। जो महिलाएं अपना रोजगार अच्छे से करेंगी, उन्हें आगे दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
बचे परिवारों को भी जल्द ही दे दी जाएगी सहायता राशि
उन्होंने कहा कि अब इसके बाद जो परिवार बचे हैं, उन्हें भी जल्द ही सहायता राशि दे दी जाएगी। उन्होंने कहा, ‘हमलोगों ने शुरू से ही महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया है। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या बहुत कम थी, लेकिन अब संख्या काफी बढ़ गई है।’
गौरतलब है कि अगले पांच वर्षों में विकास की गति को और तेज करने के लिए ‘सात निश्चय-3’ का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत पहले निश्चय ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ के तहत राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
नीतीश कुमार ने इस दौरान कई लाभार्थी महिलाओं से वार्ता भी की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सहित कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थी भी जुड़े हुए थे।
