पीएम मोदी ने हरदोई में किया गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन, बोले- यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई ‘जीवनरेखा’
हरदोई, 29 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। उन्होंने 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेवे को उत्तर प्रदेश के विकास की नई ‘जीवनरेखा’ बताया और कहा कि यह परियोजना राज्य की तरक्की को नई गति देगी।

‘गंगा मइया की जय’ के संबोधन से किया अभिवादन
पीएम ने भाषण की शुरुआत में गंगा मइया की जय कहकर लोगों का अभिभावन किया. उन्होंने खुशी जताई कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। उन्होंने कहा, ‘जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और पूरे देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक विकास के इस दौर में उनके किनारे से गुजरता यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। इसमें हमारे विकास के विजन के साथ-साथ हमारी समृद्ध विरासत की झलक भी मिलती है।’ उन्होंने राज्य के करोड़ों लोगों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इसे एक ‘अद्भुत संयोग’ भी बताया
प्रधानमंत्री मोदी ने इसे एक ‘अद्भुत संयोग’ भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह लगातार मां गंगा के सान्निध्य में रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में वह पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे और मंगलवार को वाराणसी में भी थे। उन्होंने कहा, ‘अब मुझे मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित करने का अवसर मिला है।’

कुछ दिन पहले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश में तेजी से बन रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्हें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन का अवसर मिला था। उन्होंने कहा, ‘तब मैंने कहा था कि ये नए एक्सप्रेसवे विकसित होते भारत की हस्तरेखाएं हैं। ये आधुनिक हस्तरेखाएं आज भारत के उज्ज्वल भविष्य का जयघोष कर रही हैं।’
पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों का भी जिक्र किया
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन है, क्योंकि राज्य में दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। जो खबरें सामने आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि भारी संख्या में लोग मतदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘पहले चरण की तरह ही इस बार भी लोग बड़ी संख्या में घरों से निकलकर वोट देने जा रहे हैं। लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर दिख रही हैं। पिछले 6-7 दशकों में ऐसा माहौल नहीं देखा गया था, जहां लोग इतनी निर्भीकता के साथ मतदान कर रहे हों। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं, यह हमारे संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वे अपने अधिकारों के प्रति इतने जागरूक हैं और बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं।’
हाल के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए भाजपा की जीत का भी उल्लेख किया
पीएम मोदी ने हाल के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए भाजपा की जीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल की और इतिहास रचा। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि वहां महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायत के चुनावों में भाजपा ने 80 से 85 प्रतिशत सीटें जीती हैं।
5 राज्यों के चुनवों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का भरोसा जताया
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि पांच राज्यों में चल रहे चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा, ‘4 मई को आने वाले नतीजे विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा देंगे।’
यूपी अब मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब
उन्होंने कहा कि आज यूपी को बड़े मोबाइल मैन्युफैक्चरर के रूप में जाना जाता है। भविष्य में असीम संभावनाओं का दरवाजा खुल रहा है। यूपी भारत की सामरिक ताकत बन रहा है.उन्होंने बताया कि बड़ी-बड़ी डिफेंस कम्पनियां यूपी के डिफेंस कॉरिडोर में निवेश कर रही हैं और इन बड़ी कम्पनियों से छोटी कंपनियों को भी लाभ हुआ है।
पहले माफिया पर फिल्में बनती थीं, अब एयरपोर्ट बन रहे
पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘पहले यूपी के माफिया पर फिल्में बना करती थीं। आज यूपी में 21 एयरपोर्ट हैं। हमारा यूपी भगवान राम और भगवान कृष्ण की धरती है। जिनके हाथ से सत्ता गई है, वे फिर से यूपी को तोड़ना चाहते हैं। सपा और कांग्रेस ने नारी वंदन संशोधन अधिनियम का विरोध किया, जिससे 2029 में महिलाओं की राजनीतिक ताकत बढ़ाने वाले इस बिल का विरोध किया गया।’
समाजवादी पार्टी परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सकती
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठ नहीं सकती। यूपी को गाली देकर राजनीति करने वाली DMK जैसी पार्टियां यूपी की बढ़ती सीटों को लेकर राजनीति कर रही थीं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हमें यूपी को आगे बढ़ाना होगा।’
'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' में यह आधुनिक Infrastructure हमारे आवागमन को तो सरल बना ही रहा है, साथ ही हमारी अर्थव्यवस्था को भी एक नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है… pic.twitter.com/dnOvJsruSm
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 29, 2026
सीएम योगी बोले – 2017 से पहले यूपी दंगों में जकड़ा था
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिसम्बर, 2021 में प्रधानमंत्री ने ही इस एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी थी। कोरोना काल में जमीन अधिग्रहण करके इसे समय पर पूरा करना पीएम मोदी के विजन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश परिवारवाद, जातिवाद, दंगों, अराजकता और माफिया की समानांतर सत्ता में जकड़ा था। तब विकास और रोजगार की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
यूपी में 4 लाख किमी सड़क का नेटवर्क
सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने यूपी में एक्सप्रेस-वे, हाईवे और चार लाख किलोमीटर सड़क का नेटवर्क तैयार किया है। हर जिला मुख्यालय 4 लेन से जुड़ा है। सात शहरों में मेट्रो और दिल्ली-मेरठ के बीच देश की पहली रैपिड रेल चल रही है। उन्होंने कहा कि ये एक्सप्रेस-वे सिर्फ दूरी कम नहीं कर रहे, बल्कि यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दे रहे हैं।
एक्सप्रेस-वे बने रोजगार और आस्था के मार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर ही 18,000 एकड़ जमीन किसानों से ली गई है। इसके किनारे बनने वाले इंडस्ट्रियल क्लस्टर और लॉजिस्टिक हब के लिए 7,000 एकड़ जमीन और ली गई है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि ये एक्सप्रेस-वे अन्नदाताओं की उन्नति, युवाओं के रोजगार, आस्था-संस्कृति और प्रदेश की समृद्धि के एक्सप्रेस-वे हैं। उन्होंने मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों के एक लाख से अधिक किसानों का आभार जताया, जिन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए अपनी जमीनें दीं।
