एफएमसीजी, वाहन व दूरसंचार शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला, निफ्टी 24200 के करीब
मुंबई, 29 अप्रैल। एशियाई बाजारों में मजबूती और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कम्पनियों (एफएमसीजी), वाहन एवं दूरसंचार शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 609 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि एनएसई निफ्टी में 182 अंकों की मजबूती से 24,200 के करीब जा पहुंचा।
सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत उछलकर 77,496.36 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 609.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत उछलकर 77,496.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,095.6 अंक तक चढ़ कर 77,982.51 तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के स्टॉक मजबूती पर रुके तो आठ में कमजोरी रही।
निफ्टी 181.95 अंक बढ़कर 24,177.65 पर ठहरा
दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 181.95 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 24,177.65 अंक पर ठहरा। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 339 अंकों की मजबूती से 24,334.70 तक चला गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 34 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मिश्रित परिणाम देखन को मिला। मसलन, छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.75 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.49 प्रतिशत की गिरावट आई।
एफएमसीजी सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.57% की तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स पर गौर करें तो दैनिक उपभोग के सामान (एफएमसीजी) खंड में सर्वाधिक 1.57 प्रतिशत की तेजी रही जबकि रियल्टी खंड में 1.42 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 1.28 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में 1.14 प्रतिशत की बढ़त रही।
आईटीसी लिमिटेड के स्टॉक में सबसे ज्यादा 3.86 फीसदी की बढ़ोतरी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईटीसी लिमिटेड के स्टॉक में सबसे ज्यादा 3.86 फीसदी की बढ़ोतरी रही। टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से चढ़कर बंद हुए। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट देखी गई।
डीआईआई ने 1,712.01 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,103.74 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,712.01 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की। वहीं वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड 2.85 प्रतिशत बढ़कर 114.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
