Site icon Revoi.in

भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल : विनोद तावड़े बने बिहार के प्रभारी, मंगल पांडेय को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी

Social Share

नई दिल्ली, 9 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। इस क्रम में महाराष्ट्र के दिग्गज नेता विनोद तावड़े को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि बिहार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके मंगल पांडेय को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर जारी सूची में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विभिन्न राज्यों के प्रभारियों एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं।

प्रकाश जावड़ेकर केरल के प्रभारी, लक्ष्मीकांत वाजपेई झारखंड भेजे गए

पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद प्रकाश जावड़ेकर केरल के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं जबकि राधा मोहन अग्रवाल को सह प्रभारी बनाया गया है। यूपी भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई अब झारखंड का प्रभार संभालेंगे जबकि विप्लव कुमार देव को हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है।

विजय भाई रूपाणी पंजाब व चंडीगढ़ का प्रभार देखेंगे

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय भाई रूपाणी पंजाब और चंडीगढ़ का प्रभार देखेंगे, जहां डॉक्टर नरेंद्र सिंह रैना को सह प्रभारी बनाया गया है। मुरलीधर राव मध्य प्रदेश का कामकाज देखेंगे, जहां पंकजा मुंडे और डॉ. रमाशंकर कठेरिया को सह प्रभारी बनाया है। वहीं छत्तीसगढ़ का प्रभार ओम माथुर को सौंपा गया है।

तेलंगाना का प्रभार तरुण चुघ के जिम्मे

तरुण चुघ को तेलंगाना का प्रभारी बनाया गया है और अरविंद मेनन को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। सांसद विनादे सोनकर को दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव का प्रभारी बनाया है जबकि सांसद राधा मोहन अग्रवाल को लक्षद्वीप का प्रभारी नियुक्ति किया गया है।

सांसद अरुण सिंह को राजस्थान का प्रभार, महेश शर्मा त्रिपुरा संभालेंगे

राजस्थान का प्रभारी सांसद अरुण सिंह को बनाया गया है। वहां विजया रहाटकर सह प्रभारी होंगे। त्रिपुरा का प्रभारी सांसद महेश शर्मा को बनाया है। नार्थ ईस्ट प्रदेश में संबित पात्रा को संजोयक नियुक्त किया है और सह संयोजक रितुराज सिन्हा होंगे।