1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. थॉमस कप : आयुष व प्रणय जीते, लेकिन अंतिम लीग मुकाबले में चीन से हारा भारत
थॉमस कप : आयुष व प्रणय जीते, लेकिन अंतिम लीग मुकाबले में चीन से हारा भारत

थॉमस कप : आयुष व प्रणय जीते, लेकिन अंतिम लीग मुकाबले में चीन से हारा भारत

0
Social Share

होर्सेंस (डेनमार्क), 29 अप्रैल। देश के उभरते शटलर आयुष शेट्टी और अनुभवी एचएस प्रणय ने बुधवार को यहां जबर्दस्त वापसी करते हुए अपने-अपने एकल रबल जीते, लेकिन भारत थॉमस कप फाइनल्स के अंतिम ग्रुप ए मुकाबले में चीन के हाथों 2-3 से हार गया।

वर्ष 2022 के चैम्पियन भारत वैसे तो पहले ही क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है। लेकिन ग्रुप में सर्वोच्च स्थान के निर्धारण के लिए खेले गए इस मुकाबले के पहले दो मैचों में क्रमशः देश के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन और फिर सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की युगल जोड़ी की हार के चलते टीम बैकफुट पर आ गई।

आयुष ने 70 मिनट के संघर्ष में वेंग होंग यांग को हराया

दबाव भरे हालात में दूसरा एकल खेलने उतरे विश्व नंबर 18 आयुष ने शानदार प्रदर्शन किया और एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए एक घंटा 10 मिनट के संघर्ष के बाद विश्व नंबर 15 वेंग होंग यांग को 17-21, 21-13, 21-15 से हराकर अंतर कम किया।

वहीं दूसरे युगल मैच में हरिहरन अमसकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को ही जी टिंग व रेन जियांग यू के हाथों 35 मिनट में ही 17-21, 13-21 से हार मिली, जिससे चीन ने 3-1 की अजेय बढ़त बना ली।

प्रणय ने पिछड़ने के बाद लू गुआंग जू को शिकस्त दी

इसके बाद प्रणय ने तीसरे एकल में एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए लू गुआंग जू को एक घंटा 11 मिनट की कश्मकश में 20-22, 21-19, 21-11 से हराया और हार का अंतर कम किया।

ली शी फेंग ने लक्ष्य से ऑल इंग्लैंड ओपन में मिली हार का हिसाब चुकाया

विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता विश्व नंबर 11 लक्ष्य को दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शी फेंग से कड़ा संघर्ष करने के बावजूद तीन गेम तक चले मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी। लक्ष्य ने पिछले महीने ‘ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप’ में ली को हराया था। लेकिन वह एक घंटा 14 मिनट तक खिंचे कड़े संघर्ष में 19-21, 21-8, 12-21 से पराजित हो गए।

भारत को सात्विक और चिराग की दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी से मुकाबले को बराबर करने की उम्मीद थी। लेकिन पांच मैच प्वॉइंट बचाने के बावजूद यह जोड़ी मौकों को भुनाने में नाकाम रही और आखिरकार पेरिस ओलम्पिक के रजत पदक विजेता लियांग वेई केंग और वांग चांग से 67 मिनट में 13-21, 21-13, 24-26 से हार गई।

भारतीय पुरुषों का अब जापान से होगा सामना

इस हार के बाद भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा और क्वार्टरफाइनल में उसका मुकाबला 2014 के विजेता जापान से होगा। जापान ने अंतिम लीग मुकाबले में मलेशिया को 3-2 से हराया और ग्रुप बी में शीर्ष पर रहा।

भारतीय महिलाएं उबर कप के लीग दौर में ही बाहर हो चुकी हैं

गौरतलब है कि उबर कप फाइनल्स में भारतीय महिलाएं लीग दौर में ही बाहर हो चुकी हैं। ग्रुप ए के पहले मैच में डेनमार्क के हाथों 2-3 से पराजय के बाद भारत ने यूक्रेन को 4-1 से हराया था। लेकिन उसे अंतिम मुकाबले में चीन के हाथों 0-5 से परास्त होने के साथ ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने के कारण बाहर होना पड़ा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code