1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : अक्षर, मिलर व आशुतोष ने DC की उम्मीदें जीवंत रखीं, पंजाब किंग्स की लगातार चौथी पराजय
आईपीएल-19 : अक्षर, मिलर व आशुतोष ने DC की उम्मीदें जीवंत रखीं, पंजाब किंग्स की लगातार चौथी पराजय

आईपीएल-19 : अक्षर, मिलर व आशुतोष ने DC की उम्मीदें जीवंत रखीं, पंजाब किंग्स की लगातार चौथी पराजय

0
Social Share

धर्मशाला, 11 मई। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में सोमवार की रात अंतिम क्षणों तक उतार-चढ़ाव से भरपूर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने छह गेंदों के शेष रहते तीन विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के प्लेऑफ में प्रवेश की अपनी उम्मीदें जीवंत रखीं। वहीं मौजूदा सत्र के शुरुआती सात मैचों में अजेय रहते हुए अंक तालिका में शीर्ष पोजीशन पर रहे पंजाब किंग्स (PBKS) को लगातार चौथी पराजय का सामना करना पड़ा।

प्रियांश व श्रेयस के अर्धशतकों से पंजाब 210 रनों तक पहुंचा

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य PBKS ने ओपनर प्रियांश आर्य (56 रन, 33 गेंद, छह छक्के, दो चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (59 रन, 36 गेंद, तीन छक्के, पांच चौके) के आक्रामक अर्धशतकीय प्रहारों के साथ कूपर कोनोली (38 रन, 27 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) की तेजी से पांच विकेट पर 210 रन बनाए।

खराब शुरुआत के बाद अक्षर व मिलर ने मौजूदा सत्र में पहली बार पचासे जड़े

जवाबी काररवाई में खराब शुरुआत के बाद DC को पहले कप्तान अक्षर पटेल (56 रन, 30 गेंद, दो छक्के, आठ चौके) व डेविड मिलर (51 रन, 28 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) का सहारा मिला, जिन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए मौजूदा सत्र में पहली बार अर्धशतकीय पारियां खेलने के साथ टीम को जीत की पटरी पर लौटाया। इस दौरान PBKS की दिशाहीन गेंदबाजी भी मददगार रही, जिके गेंदबाजों ने 17 वाइड गेंदें फेंकीं।

आशुतोष, माधव व आकिब ने दिल्ली को दिलाई रोमांचक जीत

हालांकि मिलर के आउट होने से पंजाब को एक समय वापसी करने का एक मौका मिला। लेकिन जब तीन ओवरों में 36 रनों की जरूरत थी, तब आशुतोष शर्मा (24 रन, 10 गेंद, दो छक्के, दो चौके), ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ माधव तिवारी (नाबाद 18 रन, आठ गेंद, एक छक्का, दो चौके) व आकिब नकवी (नाबाद 10 रन, दो गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने तेज हाथ दिखाते हुए एक ओवर शेष रहते ही मैच खत्म कर दिया।

सीमर्स अनुकूल पिच पर स्पिनर को एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं मिली

मुकाबले का सर्वाधिक दिलचस्प पहलू यह रहा कि सीमर्स की मददगार पिच पर पूरे मैच के दौरान स्पिनर्स ने एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की। आईपीएल इतिहास में पिछली बार ऐसा किसी मैच में, जो काफी लंबा चला हो, 2008 में देखने को मिला था। इसके साथ धर्मशाला स्टेडियम किसी भी टीम द्वारा T20 में सबसे बड़ा सफल चेज का गवाह बना।

कैपिटल्स की पांचवीं जीत, पंजाब हार के बावजूद रेस में कायम

दिल्ली कैपिटल्स ने 12 मैचों में पांचवीं जीत के साथ ही पंजाब के खिलाफ गत 25 अप्रैल को घरेलू मैदान पर छह विकेट से मिली हार का हिसाब चुकता कर दिया। पिछले दो मैचों में हार का सामना करने वाली अक्षर की टीम 10 अंकों के साथ अब कोलाकाता नाइट राइडर्स (नौ अंक) को पछाड़ कर खुद सातवें स्थान पर आ गई है। वहीं पंजाब किंग्स के, जिसने लगातार चार पराजयों से पहले अपनी छठी व अंतिम जीत इसी दिल्ली के खिलाफ दर्ज की थी, 11 मैचों में 13 अंक हैं और वह आरसीबी, एसआरएच व गुजरात टाइटंस (प्रत्येक 14-14 अंक) के बाद चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ की रेस में कायम है।

33 रनों के भीतर दिल्ली के शीर्ष 3 बल्लेबाज लौट चुके थे

देखा जाए तो लक्ष्य का पीछा करने उतरे दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही और तीसरे ओवर में 14 रनों तक दोनों सलामी बल्लेबाजों लोकेश राहुल (नौ रन, दो चौके) और अभिषेक पोरेल (पांच रन, एक चौका) लौट चुके थे। अभिषेक पोरेल को यश ठाकुर (2-55) ने बोल्ड किया जबकि राहुल ने अर्शदीप सिंह (2-21) की गेंद को हवा में लहराकर मार्को यान्सेन को कैच थमा दिया। साहिल पारख (13 रन, छह गेंद, एक छक्का, एक चौका) भी पांचवें ओवर में अर्शदीप की गेंद पर युजवेंद्र चहल के हाथों लपके गए (3-33)। दबाव का यह आलम था कि पॉवरप्ले में तीन विकेट पर सिर्फ 47 रन बन सके थे।

अक्षर व मिलर के बीच 34 गेंदों पर 64 रनों की साझेदारी

इसके बाद अक्षर ने पारी संभाली और ट्रिस्टन स्टब्स (12 रन, एक चौका) संग स्कोर आगे बढ़ाया। हालांकि नौवें ओवर में स्टब्स रन आउट हो गए। लेकिन मिलर ने उतरते ही रफ्तार पकड़ ली और अक्षर संग पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों पर 64 रनों की साझेदारी कर दी। अक्षर ने स्टोइनिस पर लगातार तीन चौकों के साथ 28 गेंदों पर मौजूदा सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर ड्वारशुइस को कैच दे बैठे।

स्कोर कार्ड

दिल्ली को अंतिम पांच ओवरों में जीत के लिए 68 रन की जरूरत थी। मिलर ने ड्वारशुइस की गेंद पर लगातार दो छक्के के साथ 27 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर विकेटकीपर प्रभसिमरन के हाथों लपके गए। आशुतोष और तिवारी ने अगले ओवर में स्टोइनिस पर छक्कों के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया।

आकिब ने चौका व छक्का जड़कर दिल्ली की जीत पक्की की

अंतिम दो ओवरों में दिल्ली को 17 रनों की दरकार थी। आशुतोष 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर यश को छक्का जड़ने के बाद पैवेलियन लौटे। फिलहाल आकिब ने नो बॉल पर चौका और फिर फ्री हिट पर छक्का जड़कर टीम की जीत पक्की कर दी।

प्रियांश व प्रभसिमरन ने 43 गेंदों पर ठोके 78 रन

इससे पहले पंजाब किंग्स की तेज शुरुआत हुई, जब प्रियांश और प्रभसिमरन ने पॉवरप्ले में बिना विकेट खोए 72 रन ठोक दिए। दोनों की आक्रामकता का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि पहले ही ओवर में सीनियर ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क (2-57) 22 रन खर्च कर बैठे। इसी क्रम में प्रियांश ने 24 गेंदों पर मौजूदा सत्र का अपना चौथा पचासा पूरा किया। फिलहाल मुकेश कुमार (1-31) ने सातवें ओवर में प्रभसिमरन को लौटाकर 43 गेंदों पर आई 78 रनों की तेज भागीदारी तोड़ी।

श्रेयस का मौजूदा सत्र में पांचवां पचासा, कोनोली संग जोड़े 83 रन

कप्तान अय्यर ने उतरते ही रफ्तार पकड़ ली। हालांकि माधव तिवारी (2-40) ने प्रियांश को साहिल पारख के हाथों कैच करा पंजाब को दूसरा झटका दिया। लेकिन अय्यर व कोनोली के बीच 52 गेंदों पर 83 रनों की एक और मजबूत साझेदारी आ गई। उसी क्रम में अय्यर ने माधव तिवारी पर छक्के के साथ 32 गेंदों पर मौजूदा सत्र का अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया।

कोनोली हालांकि तिवारी की गेंद डीप मिड विकेट पर डेविड मिलर को कैच दे बैठे तो स्टार्क ने 19वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो विकेट झटक लिए। फिलहाल श्रेयस का साथ देने उतरे सूर्यांश शेडगे (नाबाद 21 रन, आठ गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने स्टार्क पर दो छक्कों और एक चौके के साथ 19वें ओवर में टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

मंगलवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code