Site icon hindi.revoi.in

अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बोले- वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द शुरू होगी

Social Share

नई दिल्ली, 17 मई। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज बेंगलुरु–मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में रेलवे राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

कर्नाटक–महाराष्ट्र संपर्क को मिलेगी नई मजबूती

अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि यह नई एक्सप्रेस ट्रेन दक्षिण भारत और पश्चिम भारत के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में रेलवे क्षेत्र में निवेश और परियोजनाओं की गति बढ़ी है, जिससे राज्यों में इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि बेंगलुरु व मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द शुरू की जाएगी। यह सेवा यात्रियों के लिए तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल यात्रा का नया विकल्प बनेगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बड़े स्तर पर पुनर्विकास

वहीं रेल मंत्रालय के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कर्नाटक में 2,160 करोड़ रुपये की लागत से 61 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से नौ स्टेशन पहले ही तैयार हो चुके हैं। बेंगलुरु कैंटोनमेंट स्टेशन का पुनर्विकास 485 करोड़ रुपए और यशवंतपुर स्टेशन का पुनर्विकास 367 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है।

कर्नाटक में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार

रेल मंत्री ने बताया कि 2014 के बाद से कर्नाटक में लगभग 1,750 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं। इसके साथ ही कई खंडों में विद्युतीकरण कार्य भी पूरा किया गया है, जिससे राज्य का रेल नेटवर्क आधुनिक और अधिक सक्षम बना है।

बेंगलुरु उपनगरीय रेलवे परियोजना पर तेजी से काम

बेंगलुरु उपनगरीय रेलवे परियोजना के चारों कॉरिडोर पर काम जारी है। बैयप्पनहल्ली–चिक्कबनवारा और हीलालिगे–राजनुकुंटे कॉरिडोर में भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और स्टेशन निर्माण चल रहा है। यह परियोजना बेंगलुरु के प्रमुख क्षेत्रों जैसे इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मराठाहल्ली और हेब्बल को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

वंदे भारत और बुलेट ट्रेन नेटवर्क का विस्तार

कर्नाटक में वर्तमान में वंदे भारत ट्रेनों की 12 जोड़ियां चल रही हैं। इसके अलावा, बेंगलुरु को हैदराबाद और चेन्नई से जोड़ने वाले बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को भी मंजूरी मिल चुकी है। सरकार का लक्ष्य प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए एक व्यापक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करना है।

रेलवे बजट और बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश

रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने बताया कि कर्नाटक को इस वर्ष 7,748 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेलवे बजट मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों किलोमीटर नई रेल लाइन और विद्युतीकरण कार्यों के चलते कर्नाटक लगभग 100% इलेक्ट्रिफिकेशन की ओर बढ़ रहा है।

Exit mobile version