महाराष्ट्र : देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में अशोक चव्हाण व पूर्व MLC अमर राजूरकर भाजपा में शामिल

मुंबई, 13 फरवरी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण मंगलवार को यहां भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के एक पूर्व एमएलसी अमर राजूरकर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के मुंबई कार्यालय में दोपहर 12.30 बजे आयोजित संक्षिप्त समारोह में महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण को पार्टी में शामिल कराया।

अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में एंट्री चाहते थे चव्हाण

संभावना जताई जा रही है कि अशोक चव्हाण को भाजपा राज्यसभा में मौका देगी। दरअसल राज्यसभा चुनाव के लिए आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। इसलिए ये एंट्री किसी बड़े नेता की मौजूदगी की बजाय महाराष्ट्र के बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में हुई। राजनीतिक सूत्रों की माने तो अशोक चव्हाण अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी में एंट्री चाहते थे। हालांकि उन्हें आज ही पार्टी में शामिल होना पड़ा।

चव्हाण ने 24 घंटे पूर्व कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि अशोक चव्हाण ने सोमवार को पूर्वाह्न अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के वक्त चव्हाण ने कहा था कि उन्हें फैसला लेने में दो दिन लगेंगे। चूंकि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, इसलिए वो भाजपा में जल्द ही शामिल होंगे। दरअसल भाजपा महाराष्ट्र से तीन लोगों को राज्यसभा भेज सकती है। चर्चा है कि इनमें से एक में अशोक चव्हाण को मौका मिलेगा।

देखा जाए तो नांदेड़ जिले में अशोक चव्हाण यानी कांग्रेस और कांग्रेस यानी अशोक चव्हाण का समीकरण था। इसलिए संभव है कि अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने से नांदेड़ जिले में कांग्रेस के अस्तित्व पर असर पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular