1. Home
  2. देश-विदेश
  3. राजकीय सम्मान के साथ होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार… महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान
राजकीय सम्मान के साथ होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार… महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान

राजकीय सम्मान के साथ होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार… महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया आधिकारिक बयान

0
Social Share

मुंबई, 13 अप्रैल। पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित वयोवृद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर 13 अप्रैल, 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक कासा ग्रांडे को-ऑप हाउसिंग सोसाइटी, सेनापति बापट मार्ग, लोअर परेल, मुंबई में अंतिम संस्कार के लिए रखा जाएगा। इस दौरान लोग अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।

बयान के अनुसार, शाम 4:00 बजे स्वर्गीय भागोजी कीर हिंदू श्मशान घाट, पी. पू. जांभेकर महाराज पथ, शिवाजी पार्क, दादर, मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, इससे पहले आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने जानकारी दी कि सोमवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उनके निवास स्थान पर अंतिम दर्शन के लिए व्यवस्था की गई है और नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस दौरान आकर श्रद्धांजलि अर्पित करें। इसके बाद दोपहर 4:00 बजे शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

आशा भोसले के निधन पर तमाम हस्तियों ने उनके घर पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसमें नेता और अभिनेता समेत तमाम लोग शामिल हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तस्वीरें साझा कीं। शेलार ने तस्वीरों के कैप्शन में लिखा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशाताई के आवास पर जाकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित वयोवृद्ध गायिका आशाताई भोसले के निधन की खबर बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने अभी तीन साल पहले ही अपना 90वां जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया था। उनके निधन के साथ ही लता दीदी के बाद मंगेशकर परिवार का एक और सितारा टूट गया है। सुरों का वह खूबसूरत चमन आज वीरान हो गया है।”

बता दें कि 2006 में, आशा भोसले ने स्वयं खुलासा किया कि उनके नाम लगभग 12,000 गाने हैं। कई दशकों तक फैले अपने करियर के दौरान, आशा भोसले ने शंकर-जयकिशन, आर.डी. बर्मन, ओ.पी. नैयर, इलैयाराजा, बप्पी लाहिड़ी, और ए.आर. रहमान जैसे कई प्रख्यात संगीतकारों के साथ काम किया है। उन्हें अपने कई उल्लेखनीय गीतों के लिए अनेक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। गायिका को 2000 में प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जिसके बाद 2008 में उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code