1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIFA विश्व कप 2026 : मेसी के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच गत चैम्पियन अर्जेंटीना की संघर्षपूर्ण वापसी, मिस्र को हरा क्वार्टर फाइनल में
FIFA विश्व कप 2026 : मेसी के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच गत चैम्पियन अर्जेंटीना की संघर्षपूर्ण वापसी, मिस्र को हरा क्वार्टर फाइनल में

FIFA विश्व कप 2026 : मेसी के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच गत चैम्पियन अर्जेंटीना की संघर्षपूर्ण वापसी, मिस्र को हरा क्वार्टर फाइनल में

0
Social Share

अटलांटा, 8 जुलाई। सुपरस्टार लियोनेल मेसी के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच गत चैम्पियन अर्जेंटीना ने मंगलवार को यहां 0-2 से पिछड़ने के बाद संघर्षपूर्ण वापसी की और इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज के गोल से मिस्र को 3-2 से हराकर FIFA विश्व कप 2026 क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।

अटलांटा स्टेडियम में यासेर इब्राहिम और मोस्तफा जिको ने होसाम हसन की टीम ‘फराओ’ को टूर्नामेंट के सबसे बड़े उलटफेर के करीब पहुंचा दिया था, लेकिन क्रिश्चियन रोमेरो, लियोनेल मेसी और एंजो फर्नांडीज के गोल ने खेल का पासा पलट दिया।

मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में यासेर इब्राहिम (15वां मिनट) और मोस्तफा जिको (67वां मिनट) के गोल के बाद मौजूदा चैम्पियन टीम 0-2 से पीछे चल रही थी। लेकिन अर्जेंटीना ने चार मिनट के अंदर क्रिस्चियन रोमेरो (79वां मिनट) और लियोनेल मेसी (83वां मिनट) के गोल से मुकाबले में वापसी की। उसके बाद स्टॉपेज टाइम के तीसरे मिनट में एंजो फर्नांडीज ने अर्जेंटीना की जीत पर अंतिम मुहर लगाई।

मेसी ने मध्यांतर से पहले पेनाल्टी गंवाई

इससे पहले मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना आधे समय तक मिस्र से 0-1 से पिछड़ा हुआ था। इसी दौरान लियोनेल मेसी मैच बराबरी पर लाने का मौका चूक गए थे, जब गोलकीपर मुस्तफा शोबेर ने उनकी पेनाल्टी रोक ली थी। मेसी ने लॉन्ग-रेंज फ़्री किक से गोलपोस्ट पर भी शॉट मारा और जूलियन अल्वारेज को लगा कि उन्होंने ब्रेक से ठीक पहले अर्जेंटीना को मैच में वापस ला दिया है, लेकिन शोबेर ने उनके प्रयास को रोक दिया।

ब्राजील का इतिहास दोहराने के लिए प्रयासरत अर्जेंटीना

देखा जाए तो अर्जेंटीना 1958 व 1962 में ब्राजील के बाद लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनने के लिए प्रयासरत है। तीन बार की चैम्पियन टीम को पिछले राउंड में भी केप वर्डे से कड़ी टक्कर मिली थी और उसे 3-2 से जीतने के लिए एक्स्ट्रा टाइम की जरूरत पड़ी थी।

अर्जेंटीनी टीम लगातार दूसरे व कुल चौथे खिताब से तीन जीत दूर

फिलहाल मेसी की यह टीम अपने लगातार दूसरे और कुल चौथे खिताब से अब सिर्फ तीन जीत दूर रह गई है। अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली सातवीं टीम है। उससे पहले फ्रांस, मोरक्को, स्पेन, बेल्जियम, इंग्लैंड और नॉर्वे अंतिम-8 के राउंड में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब अर्जेंटीना का मुकाबला स्विट्जरलैंड व कोलंबिया के राउंड ऑफ 16 मैच के विजेता से होगा।

मेसी ने दोहराया इतिहास

मेसी की बात करें तो मैच में एक गोल करते ही उन्होंने  इतिहास दोहरा दिया। इस क्रम में वह अर्जेंटीना के इतिहास में एक ही वर्ल्ड कप में आठ गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऐसा कर गुइलेर्मो स्टैबिले की बराबरी कर ली है। वह 1930 के विश्व कप में गुइलेर्मो स्टैबिले ने आठ गोल करने में सफलता हासिल की थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code