1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. टी20 सीरीज : टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड को 2-0 की अजेय बढ़त
टी20 सीरीज : टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड को 2-0 की अजेय बढ़त

टी20 सीरीज : टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड को 2-0 की अजेय बढ़त

0
Social Share

नॉटिंघम, 8 जुलाई। लगातार दो बार की टी20 विश्व चैम्पियन टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाजों ने मंगलवार को यहां ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड पर जोश टंग (4-28) व जोफ्रा आर्चर (3-29) की अगुआई वाले अंग्रेज आक्रमण के सामने समर्पण कर दिया और टीम इंडिया को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 125 रनों की शर्मनाक पराजय झेलनी पड़ी। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी पराजय है।

मेजबानों ने इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज में अब 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। गौरतलब है कि चेस्टर ली स्ट्रीट में पहला मैच बारिश से धुल गया था जबकि मैनचेस्टर में रोमांचक संघर्ष के बीच भारत चार विकेट से परास्त हुआ था।

पिछले दो बार के विश्व विजेताओं की लगातार चौथी हार

दिलचस्प तथ्य यह है कि लगातार 16 टी20 सीरीज/टूर्नामेंट में अपराजेय रहने वाले भारत को 12 दिन पहले आयरलैंड के खिलाफ न सिर्फ पहली बार कोई मैच गंवाना पड़ा था वरन उसने टी20 सीरीज भी 0-2 गंवा दी थी। यानी आज उसे लगातार चौथी पराजय झेलनी पड़ी और अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज बचाने के लिए उसे अंतिम दोनों मैच जीतने ही होंगे।

साल्ट, बटलर व सैम की आक्रामक पारियों से अंग्रेज 201 रनों तक पहुंचे

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य इंग्लैंड ने ओपनरद्वय फिल साल्ट (70 रन, 44 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) व जोस बटलर (36 रन, 21 गेंद, दो छक्के, चार चौके) के अलावा हरफनमौला सैम करन (नाबाद 41 रन, 24 गेंद, चार चौके) की आक्रामक पारियों के सहारे सात विकेट पर 201 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

आर्चर व टंग एंड कम्पनी ने भारतीयों को 76 रनों पर बिखेरा

जवाब में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ आर्चर व टंग ने अन्य साथी गेंदबाजों के साथ मिलकर भारतीय पारी सिर्फ 11.4 ओवरों में 76 रनों पर बिखेर दी। टी20I में भारत का यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। मेहमान पारी में कुल चार बल्लेबाज दहाई का मुंह देख सके, जिनमें वैभव सूर्यवंशी (13 रन, पांच गेंद, दो छक्के), ईशान किशन (13 रन, नौ गेंद, एक छक्का, एक चौका), अभिषेक शर्मा (10 रन, सात गेंद, एक छक्का) व अक्षर पटेल (10 रन, चार गेंद, एक छक्का, एक चौका) शामिल थे।

अभिषेक व वैभव के बीच 23 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी

202 रनों के लक्ष्य के सामने भारतीय पारी देखें तो दो छक्के जड़ने वाले वैभव व अभिषेक ने 11 गेंदों पर ही 23 रन तोड़कर टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन टंग ने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक को लौटाया तो फिर यही सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई।

विकेट के पीछे 5 शिकार के साथ बटलर ने इंग्लैंड का नया रिकॉर्ड बनाया

टंग व आर्चर ने पांच ओवरों में 52 रनों के भीतर आधी टीम लौटाई और अंतिम पांच विकेट 24 रनों की वृद्धि पर गिर गए। इस दौरान बटलर ने विकेट के पीछे पांच शिकार कर टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मैट प्रॉयर (चार शिकार) को पीछे छोड़ इंग्लैंड के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया।

स्कोर कार्ड

इससे पहले इंग्लिश पारी में साल्ट व बटलर ने पहले विकेट के लिए 31 गेंदों पर 43 रन जोड़े। फिर साल्ट ने जैकब बेथल (13 रन, दो चौके) संग तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 40 व करन संग पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों पर 47 रनों की तेज साझेदारियों से टीम को मजबूत स्कोर प्रदान किया। भारत के लिए पेसरद्वय प्रिंस यादव (2-30) व हर्षित राणा (2-40) ने आपस में चार विकेट बांटे। अक्षर पटेल को एक सफलता मिली।

ब्रिस्टल में गुरुवार को खेला जाएगा चौथा मैच

दोनों टीमें अब ब्रिस्टल में गुरुवार, नौ जुलाई को चौथे मैच में आमने-सामने होंगी जबकि 11 जुलाई को साउथैम्पटन में पांचवां व अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की एक दिनी अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code