वित्त मंत्रालय का आदेश : ग्राहकों की सुविधा के लिए रविवार को क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सहित सभी बैंक खुले रहेंगे

नई दिल्ली, 23 सितम्बर। केंद्र सरकार ने सप्ताह में पांच कार्यदिवस सहित अन्य मागों को लेकर बैंक संघों के संयुक्त मंच (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितम्बर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर नागरिकों की बैंकिंग आवश्यकताओं की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाए हैं। इस क्रम में वित्त मंत्रालय ने रविवार (27 सितम्बर) को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का आदेश जारी किया है।

दरअसल, बैंककर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल के साथ 26 और 27 सितम्बर यानी इस सप्ताहांत की छुट्टियां भी जुड़ जाएंगी, जिससे बैंकों में लगातार पांच दिनों तक कामकाज ठप हो जाएगा। इसलिए यह सुनिश्चित करने के लिए कि जनता की वास्तविक बैंकिंग आवश्यकताओं पर लंबे समय तक प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितम्बर को सामान्य रूप से कार्य करेंगे।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इसी क्रम में सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितम्‍बर को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है। विभाग ने जोर देते हुए कहा कि बैंक ग्राहकों का कल्याण और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हालांकि सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील की है और आवश्यक बैंकिंग सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपाय भी किए हैं। लेकिन बैंक यूनियन अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर अडिग हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular