Homeहिन्दीराष्ट्रीयअमरनाथ यात्रा के बीच सेना ने चलाया 'ऑपरेशन महादेव', पहलगाम हमले के...

अमरनाथ यात्रा के बीच सेना ने चलाया ‘ऑपरेशन महादेव’, पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड मूसा सहित 3 आतंकी ढेर

श्रीनगर, 28 जुलाई। अमरनाथ यात्रा 2025 के दौरान सुरक्षा बलों ने घाटी में आतंकियों को मार गिराने के लिए ‘ऑपरेशन महादेव’ चलाया है। इस क्रम में आज सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर कर दिए गए। बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड मूसा भी शामिल है।

प्राप्त सूचना के अनुसार पहले तीन आतंकियों के श्रीनगर में छिपे होने की जानकारी मिल रही थी। अब सूचना है कि सेना ने तीनों को ढेर कर दिया है। इनमें पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड मूसा के अलावा दो आतंकी यासिर और सुलेमान भी मारे  गए हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

भारतीय सेना की चिनार कोर द्वारा एक्स हैंडल पर की गई पोस्ट में जानकारी दी गई है कि श्रीनगर के हरवान के लिडवास इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है और अभी ऑपरेशन जारी है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने महादेव के पास मुलनार के वन क्षेत्र में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया है। जैसे ही सुरक्षा बल संदिग्ध स्थान के पास पहुंचे, छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी काररवाई शुरू कर दी।

सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी चल रहे अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) संगठन से जुड़े आतंकवादियों का एक समूह इलाके में फंसा हुआ है। अभियान जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments