बीरभूम में अमित शाह का प्रहार – बम धमाकों का सेंटर बन चुका है बंगाल, 2025 से पहले गिर जाएगी ममता सरकार

कोलकाता, 14 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता सरकार व तृणमूल कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए पश्चिम बंगाल को बम धमाकों का सेंटर करार करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्ष 2025 से पहले ही ममता बनर्जी सरकार गिर जाएगी। इसी क्रम में शाह ने आमजन से अपील की कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में बंगाल से भाजपा को 35 से ज्यादा सीटें दिलाएं।

बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा

अमित शाह ने शुक्रवार को बीरभूम जिले के सिउड़ी में आहूत एक जनसभा में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि दीदी बंगाल की जनता के लिए काम नहीं करतीं, उनका लक्ष्य बंगाल की जनता का कल्याण नहीं है, उनका एकमात्र लक्ष्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है, लेकिन ऐसा संभव नहीं होगा। बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा।

भाजपा को लोकसभा की 35 सीटों पर जीत दिलाएं

रामनवमी पर बंगाल में हुई हिंसा को लेकर राज्य सरकार को घेरते हुए शाह ने कहा कि तृणमूल की तुष्टीकरण की राजनीति के कारण रामनवमी की शोभायात्राओं पर हमले की हिम्मत बढ़ी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया, ‘आप 2024 के चुनाव में भाजपा को 35 सीट जिता दें और राज्य में हमारी सरकार बना दें, रामनवमी के जुलूस पर फिर हमले की किसी में हिम्मत नहीं होगी।’

बम धमाकों का सेंटर बन चुका है बंगाल

शाह ने बंगाल में खराब कानून व्यवस्था को लेकर घेरते हुए कहा कि दीदी के शासन में बंगाल बम धमाकों का सेंटर बन चुका है। अभी-अभी एनआइए ने बीरभूम में 80 हजार से ज्यादा डेटोनेटर और 27 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया है। अगर एनआइए ने इसे ना पकड़ा होता तो कितने लोगों की जान बम धमाकों में जाती, कोई नहीं गिन सकता। सभा से पहले शाह ने सिउड़ी में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

RELATED ARTICLES

Most Popular