राहुल गांधी ने जिस आदित्य पर 4 जगहों से वोटर होने का दावा किया, उन्होंने खुद बताई असलियत

लखनऊ, 8 अगस्त। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पर व्यापक धांधली करने का आरोप लगाते वक्त जिस आदित्य श्रीवास्तव के चार जगहों से वोटर होने का दावा किया था। उन्होंने खुद असलियत बताते हुए कहा कि वह लखनऊ के रहने वाले हैं और 2016 में मुंबई में रहते थे।

2021 के बाद आदित्य मुंबई से बेंगलुरु शिफ्ट हो गए

आदित्य ने न्यूज चैनल इंडिया टीवी से बातचीत के दौरान कहा कि मुंबई में रहने के दौरान वहां वोटर बने और 2019 के लोकसभा चुनाव में वोटिंग की। 2021 के बाद आदित्य मुंबई से बेंगलुरु शिफ्ट हो गए। सबसे बड़ी बात यह है कि आदित्य ने खुद ही चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपनी डिटेल अपडेट की थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को उनकी पर्सनल डिटेल शेयर नहीं करनी चाहिए थी।

वोटर कार्ड को महाराष्ट्र में कराया था ट्रांसफर

मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले आदित्य ने बताया कि जब वह मुंबई शिफ्ट हुए तो अपना वोटर कार्ड महाराष्ट्र में ट्रांसफर करा लिया था। इसके बाद बेंगलुरु में शिफ्ट हो गए थे और अब वहीं पर रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके वोटर आईडी कार्ड के नंबर एक समान हैं।

एक समय पर एक बार की वोटिंग

आदित्य ने कहा कि उन्होंने एक समय में एक ही जगह वोटिंग की है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं अपना वोटर आईडी कार्ड ट्रांसफर दूसरी जगह करा लिया तो मुझे लगा कि पुराने रिकॉर्ड अपने आप डिलीट हो जाएंगे।’ आरोप है कि आदित्य को दो वोटर कार्ड महादेवा पुरा में हैं जबकि एक वोटर कार्ड मुंबई और एक लखनऊ में है।

यूपी चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के दावे को किया खारिज

वहीं, यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इन आरोपों को खारिज कर दिया कि कुछ मतदाता उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों दोनों में पंजीकृत हैं। उन्होंने इन आरोपों को ‘तथ्यात्मक रूप से गलत’ बताया। इससे पहले राहुल गांधी ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन किया, जिसमें उन्होंने दो व्यक्तियों – आदित्य श्रीवास्तव और विशाल सिंह का हवाला देते हुए कहा कि ये दोनों अलग-अलग राज्यों में मतदाताओं के रूप में पंजीकृत हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों के नाम उत्तर प्रदेश के लखनऊ व वाराणसी के साथ-साथ मुंबई और बेंगलुरु के निर्वाचन क्षेत्रों समेत कई स्थानों की मतदाता सूची में शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular