देहरादून, 21 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वयोवृद्ध मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी के सबसे छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
प्रभु श्री राम के श्री चरणों में माँ को परम विश्राम प्राप्त हो।
यही प्रार्थना है।
ॐ शांति 🙏 https://t.co/G7vN5b2Xc8
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
इससे पहले पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से पूर्वाह्न 8:50 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। गांव से हरिद्वार तक के सफर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और परिजन शामिल रहे। करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची, जहां अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपराओं के अनुसार रस्में निभाई गईं।

मां को कंधा देते समय भावुक हुए सीएम योगी, रातभर पास पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए। इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया। बताया गया कि सीएम योगी रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।

13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत के अलावा योग गुरु स्वामी रामदेव भी अंतिम विदाई में शामिल
चंडी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान संत समाज की भी बड़ी मौजूदगी रही। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत के अलावा योग गुरु स्वामी रामदेव भी संतों की टीम के साथ पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
अंतिम प्रणाम माँ…
🙏 https://t.co/UIqH3fk02E
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज भी अंतिम संस्कार में पहुंचीं। भीड़ और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी जुड़ी है। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के अनुसार सावित्री देवी को भी पैतृक घाट लाया गया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल, 2020 को हुआ था। हालांकि कोरोना संक्रमण के दौर में परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर दी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि
अंतिम यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। शव वाहन पर फूल बरसाकर लोगों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यात्रा के दौरान लगातार भगवद्गीता का पाठ होता रहा। गांव से लेकर हरिद्वार तक बड़ी संख्या में लोग इस अंतिम विदाई के साक्षी बने।


