भाजपा का मिशन 2027 तैयार : 3 नवम्बर से शुरू होगी पदयात्रा, युवा सम्मेलनों से सजेगा चुनावी मंच

लखनऊ, 30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मिशन 2027 तैयार हो चुका है। इसके तहत तीन नवम्बर से सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं निकाली जाएंगी जबकि 200 स्थानों पर युवा सम्मेलन होंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पेश किया चुनावी तैयारियों का खाका

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन चुनावी तैयारियों का खाका पेश किया और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। इसके पूर्व दिन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया था और अपने संबोधन के दौरान विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुट जाने का कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था।

 

नवम्बर-दिसम्बर में चुनावी कार्यक्रमों पर रहेगा जोर

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को अभी से सक्रिय होना होगा। इसके लिए नवम्बर और दिसम्बर में कई कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों में अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क, कार्यकर्ताओं की उचित तैनाती और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता सबसे अहम होगी। कार्यक्रमों की समयसीमा और जिम्मेदारियां तय करने के लिए जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विस्तृत योजना बनाई जाएगी।

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ‘ अभियान के तहत पदयात्राएं

धर्मपाल सिंह ने बताया कि भाजपा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी पदयात्राएं निकालेगी. हर पदयात्रा में करीब 25 हजार या उससे अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार तीन नवम्बर को अवध क्षेत्र की पदयात्रा लखनऊ में होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। इसी दिन ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में निकलेगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहेंगे।

इन नेताओं की रहेगी पदयात्राओं में मौजूदगी

चार नवम्बर को गोरखपुर क्षेत्र की पदयात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल होंगे। इसी दिन काशी क्षेत्र की पदयात्रा प्रयागराज में होगी, जिसमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। कानपुर क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। वहीं, पांच नवम्बर को पश्चिम क्षेत्र की पदयात्रा गाजियाबाद में होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।

दीपावली के बाद मतदाता सूची पर विशेष अभियान

धर्मपाल सिंह ने मतदाता सूची को चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद पार्टी इस दिशा में विशेष अभियान शुरू करेगी। युवा और महिला मतदाताओं पर खास ध्यान दिया जाएगा और ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाने की योजना है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में 25-25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी।

अमित शाह का सपा पर प्रहार- ‘रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने की करते हैं बात’

हर बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने बताया मंडल की करीब 60 सदस्यीय कार्यकारिणी में से ऐसे कार्यकर्ता चुने जाएंगे, जो मंडल के सभी बूथों पर नियमित रूप से प्रवास कर सकें। इन कार्यकर्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर भी सूची में दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार होगी। विधानसभा प्रभारी और विधानसभा विस्तारक शक्ति केंद्रों पर जाकर संगठनात्मक ढांचे की स्थिति का सत्यापन करेंगे।

पुराने और नए कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं के साथ दूसरे दलों से आए नेताओं की सूची भी तैयार की जाएगी। उनकी क्षमता के हिसाब से संगठन में जिम्मेदारी तय होगी। इसके अलावा सामाजिक चौपालों के जरिए अलग-अलग वर्गों से संपर्क बढ़ाया जाएगा। तीन कार्यकाल तक पदाधिकारी रहे नेताओं की विधानसभा स्तर पर बैठकें होंगी, जिनमें मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ दो सत्रों में चर्चा की जाएगी।

पूर्व जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों से भी संपर्क

धर्मपाल सिंह ने कहा कि पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों और पूर्व पार्षदों को भी संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जाएगी। बूथ अध्यक्षों के माध्यम से योजनावार लाभार्थियों की सूची तैयार करने की योजना है। कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों से सहज और विनम्र तरीके से बातचीत करने, घर जाकर मिलने और चाय पर चर्चा करने के निर्देश दिए जाएंगे।

मठ-मंदिरों और सामाजिक नेतृत्व से भी संपर्क

लाभार्थियों से संपर्क के लिए मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें भी होंगी। इसके साथ ही मठ-मंदिरों, संगठन के विचार परिवार से जुड़े कार्यकर्ताओं और धार्मिक-सामाजिक नेतृत्व से संपर्क बढ़ाने की योजना है। पार्टी अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने पर जोर देगी। इसके लिए क्षेत्र और विधानसभा स्तर पर संपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

200 स्थानों पर युवा सम्मेलन, नवमतदाताओं पर नजर

धर्मपाल सिंह ने कहा कि युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर छोटी बैठकें की जाएंगी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महिला मतदाताओं के बीच सरकार की योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर संवाद करेंगी। 18 से 21 वर्ष के युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रदेश में 200 स्थानों पर युवा सम्मेलन कराने की तैयारी है। इसके अलावा सभी मंडलों में नवमतदाता सम्मेलन होंगे, जिनके लिए संयोजक और तारीखें तय की जाएंगी।

किसानों और कारोबारियों तक पहुंचने की तैयारी

पार्टी किसान संपर्क अभियान और किसान चौपाल के जरिए किसानों से संवाद करेगी। सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ सहभोज जैसे कार्यक्रमों की भी योजना है। छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों से संपर्क के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इनके साथ नियमित बातचीत और संपर्क कार्यक्रमों पर जोर रहेगा।

जनप्रतिनिधियों और बड़े नेताओं के कार्यक्रमों की बनेगी योजना

उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य, सांसद, विधायक, 2022 के विधानसभा प्रत्याशियों और 2024 के लोकसभा प्रत्याशियों की भूमिका भी तय की जाएगी। क्षेत्रीय स्तर पर पार्षदों, नगर निकाय अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें होंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास और सभाओं का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री के दौरों के दौरान होने वाली बैठकों के साथ मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी तय होंगी।

बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की क्षमता के अनुसार उन्हें जिम्मेदारियां दी जाएंगी। नवम्बर और दिसम्बर में प्रस्तावित कार्यक्रमों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर रहेगा। इसके लिए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के तुरंत बाद तैयारियां शुरू करने की बात कही गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular