हाइलो ओपन : अनमोल ने उन्नति को भी बाहर किया, सेमीफाइनल में सिंधु से मुलाकात, लक्ष्य भी अंतिम 4 में

सारब्रुकन (जर्मनी), 30 अक्टूबर। एन डेर सारलैंडहाल 1 एरेना में 24 घंटे पूर्व जबर्दस्त उलटफेर के बीच तीसरी सीड गिराने वाली किशोरवय भारतीय शटलर अनमोल खरब ने शुक्रवार को भी अपना पराक्रम जारी रखा और छठी सीड लेकर उतरीं हमवतन उन्नति हुड्डा को भी तीन गेमों के संघर्ष में हराकर हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

BWF विश्व टूर के सुपर 500 टूर्नामेंट में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचीं अनमोल की अब दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता व दूसरी सीड हमवतन पीवी सिंधु से मुलाकात होगी। वहीं पुरुष एकल में देश के शीर्षस्थ शटलर व यहां सातवीं सीड लेकर उतरे लक्ष्य सेन ने भी अंतिम चार का टिकट सुरक्षित कर लिया।

अनमोल की छठी सीड उन्नति को 68 मिनट में शिकस्त दी

विश्व रैंकिंग में 53वें नंबर पर काबिज फरीदाबाद की 19 वर्षीय अनमोल ने कोर्ट नंबर तीन पर 68 मिनट तक खिंचे क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर 21 डुड्डा को 21-17 18-21, 21-16 से शिकस्त दी।

सिंधु ने जर्मन स्पर्धी शुल्ज को 28 मिनट में किनारे लगाया

वहीं पिछले हफ्ते जापान ओपन में उपजेता रहने के साथ टॉप 10 में एक बार फिर जगह बना चुकीं सिंधु ने कोर्ट नंबर एक पर दिन के तीसरे मैच में जर्मनी की अमाली शुल्ज को सिर्फ 28 मिनट में 21-12, 21-10 से परास्त किया। देखा जाए तो सेमीफाइनल में सिंधु व अनमोल की आपसी मुलाकात से भारत का फाइनल में एक स्थान पक्का हो गया है।

लक्ष्य ने कोलोनेन के खिलाफ एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी की

उधर पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर 14 लक्ष्य सेन ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और फिनलैंड के काले कोलोनेन को 66 मिनट के संघर्ष में 14-21, 21-17, 21-13 से शिकस्त दी। विश्व चैम्पियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता 25 वर्षीय लक्ष्य का सेमीफाइनल में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से सामना होगा।

विश्व नंबर आठ सिंधु की बात करें तो वह पूरे मुकाबले में हावी रहीं और कुल खेले गए 64 अंकों में से 42 अपने नाम किए। 31 वर्षीय सिंधु ने एक समय लगातार छह अंक जीते जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लगातार तीन अंक जीतने का रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular