नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों में हुए विधान परिषद यानी MLC चुनावों के नतीजों पर कांग्रेस पर तंज कसा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में कुल 28 सीटों पर चुनाव हुए थे और इनमें कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी।

पीएम मोदी ने X पर लिखा कि ये चुनाव बैलेट पेपर से हुए। कर्नाटक की चारों सीटें भाजपा और जेडीएस गठबंधन ने जीतीं जबकि यूपी में बीजेपी को चार और सपा को दो सीटें मिलीं। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?’
MLC elections in 28 seats across 4 big states – Uttar Pradesh, Maharashtra, Bihar and Karnataka.
Elections held using ballot papers.
Guess how many seats Congress won? 🧐
— Narendra Modi (@narendramodi) October 28, 2026
गौरतलब है कि इन चुनावों में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की आठ, महाराष्ट्र की पांच और कर्नाटक की चार विधान परिषद सीटें शामिल थीं। मतदान 23 अक्टूबर को हुआ था और वोटों की गिनती 27 अक्टूबर से शुरू हुई। ये चुनाव मुख्य रूप से शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए थे। यहां आम जनता वोट नहीं करती। इन सीटों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के रजिस्टर्ड मतदाता ही मतदान करते हैं।
कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार, भाजपा व जेडीएस गठबंधन ने जीतीं चारों सीटें
कर्नाटक में भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अपनी तीन सीटें बरकरार रखीं जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक सीट कांग्रेस से छीन ली। कांग्रेस की यह हार इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि राज्य में उसी की सरकार है।
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच रहा। बीजेपी ने चार सीटें और सपा ने दो सीटें जीती हैं। अन्य सीटों पर गिनती अंतिम समाचार मिलने तक जारी थी।
पीएम मोदी की यह पोस्ट ऐसे वक्त आई है, जब विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों यानी EVM को लेकर सवाल उठाता रहा है। इसे कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर राजनीतिक तंज के तौर पर देखा जा रहा है। बैलेट पेपर को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।


