चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर : यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट

लखनऊ, 28 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से टकराने के बाद इसका असर उत्तर प्रदेश तक महसूस किया जाने लगा है। मौसम विभाग ने इसे प्रचंड चक्रवाती तूफान की श्रेणी में रखा है।

पूर्वानुमान है कि गुरुवार तक इसके अबदाब में बदलने के साथ एक मौसम तंत्र विकसित हो जाएगा। इसकी वजह से यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में तेज हवा के साथ बारिश या भीषण बारिश की स्थिति बनती दिख रही है। अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड मौसम मुख्यालय ने 19 जिलों में भारी या अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, गाजीपुर एवं आस पास के इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा 45 जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हवा चलने और साथ में मेघगर्जन-बारिश और बिजली गिरने का पूर्वानुमान है। तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

इन जिलों में भारी वर्षा का पूर्वाअनुमान :-

चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर एवं आस पास के क्षेत्र।

बिजली गिरने, बारिश के साथ 50 किमी तक हवा चलने का पूर्वानुमान :-

बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल एवं आस पास के क्षेत्र।

‘अर्नब’ अधिक प्रभावी हुआ तो खेती-किसानी को नुकसान ज्यादा

मौसम विभाग ने चक्रवाती तूफान के भले ही प्रदेश के कुछ ही हिस्सों में प्रभावी होने का पूर्वानुमान जारी किया है, फिर भी राज्य सरकार ने ‘अर्नब’ को लेकर सभी जिलों को सतर्क किया है। साथ ही एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ समेत स्थानीय जिला एवं पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ किसानों के साथ-साथ कृषि विशेषज्ञ भी ‘अर्नब’ को लेकर चिंतित हैं। कृषि विभाग सम्भावित आंधी-पानी से होने वाले नुकसान को लेकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्व विभाग ने जिलों को किया अलर्ट

राजस्व विभाग ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को भेजे निर्देश में कहा है कि मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनियों मसलन, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश एवं आकाशीय बिजली की आशंकाओं के मद्देनजर अपनी तैजारियां पूरी रखें। विभाग ने यह भी कहा है कि जिलाधिकारी अपने जिलों में नागरिकों से मौसम की सटीक पूर्वानुमान के लिए सचेत एप एवं दामिनी एप के प्रयोग की समय-समय पर अपील करें ताकि लोगों को मौसम के मिजाज का पल-पल की सूचना मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular