महिला टी20 सीरीज : दीप्ति व प्रथम प्रवेशी निकी प्रसाद ने भारत को दी मुस्कान, जिम्बाब्वे पहले मैच में 4 विकेट से पस्त

रायपुर, 16 अक्टूबर। पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपने पहले ही मैच में स्मृति मंधाना को वैसी कठिन परीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा, जिसकी शायद उन्होंने उम्मीद की होगी। हालांकि, भारत ने शुक्रवार को यहां खेले गए पहले महिला T20I मैच में शुरुआती मुश्किलों से उबरते हुए जिम्बाब्वे को 26 गेंदों के शेष रहते चार विकेट से हरा दिया और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

जिम्बाब्वे को 114 पर रोकने के बाद भारत की हाहाकारी शुरुआत

शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित पहले महिला अंतरराष्ट्रीय मैच में, भारत ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट पर 114 रन के स्कोर पर रोक दिया, जो कि परिस्थितियों के हिसाब से काफी कम था। लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत हाहाकारी रही, जब शुरुआती 19 गेंदों पर सिर्फ 19 रनों के स्कोर पर टीम के चार विकेट गिर गए। ऑफ-स्पिनर न्याशा ग्वांजुरा (3-18) ने अपने शानदार शुरुआती स्पेल में भारत की नई कप्तान मंधाना, उप कप्तान शेफाली वर्मा और तीसरे क्रम पर उतरीं अनुष्का शर्मा का शिकार कर दिया था।

दीप्ति व निकी ने सुनिश्चित की जीत

फिलहाल अनुभवी दीप्ति शर्मा (49 रन, 37 गेंद, आठ चौके) और अपना पहला T20I मैच खेल रहीं निकी प्रसाद (नाबाद 39 रन, 35 गेंद, छह चौके) ने यह सुनिश्चित किया कि भारत के घरेलू सीजन की शुरुआत एक सकारात्मक नोट पर हो। इस क्रम में मेजबानों ने 15.4 ओवरों में छह विकेट पर 116 रन बना लिए।

स्कोर कार्ड

मुकाबले का दिलचस्प पहलू यह रहा कि 2025 में अपने WPL डेब्यू के दौरान भी निकी प्रसाद ने कुछ ऐसी ही पारी खेली थी। तब दिल्ली कैपिटल्स की टीम मुश्किल स्थिति में थी, लेकिन उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता था।

भारत की लगातार नौवीं जीत, जिम्बाब्वे की लगातार 21वीं हार

गौर करने वाली बात यह भी है कि भारत व जिम्बाब्वे की महिला टीमें पहली बार द्विपक्षीय सीरीज खेल रही हैं। इस मुकाबले के साथ स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तानी कार्यकाल की भी शुरुआत हुई। खैर, भारत की यह जहां लगातार नौवीं जीत रही वहीं जिम्बाब्वे को लगातार 21वीं पराजय का सामना करना पड़ा।

देखा जाए तो भारतीय टीम के लिए 115 रनों का लक्ष्य इतना बड़ा नहीं था, शुरुआत में चार शीर्ष बल्लेबाजों – मंधाना (नौ रन, छह गेंद, दो चौके), शेफाली वर्मा (चार रन, एक चौका), अनुष्का शर्मा (चार रन, एक चौका) व पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर (एक रन) के लौटने से टीम भयानक दबाव में आ चुकी थी।

दीप्ति व निकी ने 63 गेंदों पर 82 रनों की भागीदारी से जीत का आधार तैयार किया

फिलहाल अनुभवी ऑलराउंडर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ दीप्ति और मध्यक्रम बल्लेबाज निकी ने न सिर्फ बिखराव रोका वरन धैर्यूपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों पर 82 रनों की भागीदारी से भारत को जीत तक पहुंचाया। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में पांचवें विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। इन दोनों ने मिताली राज और अनुजा पाटिल के बीच इस विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। हालांकि दीप्ति अंत तक क्रीज पर नहीं टिकीं। लेकिन भारत ने 4.2 ओवर रहते छह विकेट पर 116 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।

जिम्ब्बावे के लिए एंडलोहवु व शार्न मेयर्स ने खेलीं उपयोगी पारियां

इससे पहले जिम्बाब्वे की सलामी बल्लेबाज केलिस एंडलोहवु ने 42 रनों (42 रन, 44 गेंद, सात चौके) की आकर्षक पारी खेली। उन्होंने मॉडेस्टर मुपाचिकवा (16 रन, 26 गेंद, एक चौका) संग दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। वहीं शार्न मेयर्स (नाबाद 43 रन, 33 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने अंतिम ओवरों में तेज हाथ दिखाते हुए टीम को 100 रनों के पार पहुंचाया। हालांकि टीम बोर्ड पर पर्याप्त स्कोर नहीं टांग सकी।

रविवार को खेला जाएगा दूसरा मुकाबला

दोनों टीमें अब रविवार (18 अक्टूबर) को इसी मैदान पर दूसरा टी20 मुकाबला खेलेंगी जबकि 20 अक्टूबर को यहीं तीसरा व अंतिम टी20 मैच होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular