ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। शनिवार, 17 अक्टूबर की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, एम्बुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और तीन बच्चों के रूप में हुई है। मृत बच्चों में 11 वर्षीय लड्डू, सात वर्षीय मिष्टी और तीन वर्षीय साक्षात शामिल हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने घटना से पहले रात में नूडल्स खाए थे। आसपास के लोगों और महेश की मां ने भी पुलिस को इसकी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस ने फूड पॉइजनिंग की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि पांचों की मौत का संबंध नूडल्स या किसी अन्य खाद्य पदार्थ से है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की। फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, पांचों शवों का पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


