लालकृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल में भर्ती, सीने में संक्रमण की शिकायत; हालत स्थिर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार देर शाम दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। 98 वर्षीय आडवाणी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। जानकारी के अनुसार, आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए पल्मोनरी विभाग में भर्ती किया गया है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

मई में भी अस्पताल में भर्ती हुए थे आडवाणी

लालकृष्ण आडवाणी को इससे पहले इसी साल मई में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। दिसंबर 2024 में भी उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी देखरेख न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी कर रहे थे। रिपोर्टों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में अस्पताल ने उनकी हालत स्थिर बताई थी। 17 दिसंबर को उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने की जानकारी दी गई थी। उस समय उम्मीद जताई गई थी कि उन्हें अगले एक-दो दिनों में आईसीयू से बाहर शिफ्ट किया जा सकता है।

तीन बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आडवाणी

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने तीन अलग-अलग अवधियों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वे 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक पार्टी अध्यक्ष रहे। आडवाणी ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। लंबे राजनीतिक करियर के दौरान आडवाणी भाजपा के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular