लखनऊ, 17 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र के अवसर पर देवी मंदिरों में शक्ति आराधना के साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश भी दिया जाएगा। योगी सरकार मिशन शक्ति अभियान के तहत नवरात्र की सप्तमी, अष्टमी और नवमी तिथि पर प्रदेश के चयनित देवी मंदिरों में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएगी। इन कार्यक्रमों में पारंपरिक देवी गीतों का गायन और दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा। इसके जरिए धार्मिक आस्था के साथ महिला सशक्तीकरण और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल की जाएगी।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक मंदिर में तीन स्थानीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस तरह कुल 26 मंदिरों में 78 कलाकारों को मंच मिलेगा। इनमें महिला कलाकारों की संख्या अधिक रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
देवी गीतों और दुर्गा सप्तशती के पाठ से गूंजेंगे मंदिर
नवरात्र की सप्तमी से नवमी तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पारंपरिक देवी गीतों की गायन शैली प्रमुख आकर्षण होगी। इसके साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से शक्ति उपासना की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मान तथा सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
लखनऊ के चंद्रिका देवी और संकटा देवी मंदिर के साथ प्रयागराज के अलोपी देवी और ललिता देवी मंदिर में भी स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इन चार मंदिरों में कुल 12 कलाकारों को अवसर मिलेगा। बाकी 22 मंदिरों में भी तीन-तीन कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्रोत्साहन
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था, शक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व है। सरकार का प्रयास है कि धार्मिक आयोजन सामाजिक बदलाव का माध्यम बनें और महिलाओं तथा बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से स्थानीय कलाकारों, विशेषकर महिला कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही पारंपरिक देवी गीतों और लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ कलाकारों की आजीविका को भी सहारा मिलेगा।
यूपी के इन 26 देवी मंदिरों में होंगे कार्यक्रम
मिशन शक्ति के तहत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रमुख देवी मंदिरों में तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित हैं। इनमें शामिल मंदिरों की सूची इस प्रकार है:
मां विंध्यवासिनी देवी- मीरजापुर, विशालाक्षी मंदिर- वाराणसी, ज्वाला देवी-सोनभद्र, सीता समाहित स्थल- सीतामढ़ी (भदोही), अलोपशंकरी देवी-प्रयागराज, ललिता देवी- प्रयागराज, कड़ावासिनी- कौशांबी, देवीपाटन- बलरामपुर, ललिता देवी- नैमिषारण्य (सीतापुर), शाकुंभरी देवी- सहारनपुर, कात्यायनी देवी- मथुरा, मां शीतला चौकिया धाम- जौनपुर, बेल्हा देवी- प्रतापगढ़, महालक्ष्मी देवी मंदिर- वाराणसी, चंद्रिका देवी- उन्नाव, देवकाली मंदिर- औरैया, मां तरकुलहा देवी धाम- गोरखपुर, मां शीतला माता स्थल-मऊ, मां सिंह वाहिनी काली देवी- चित्रकूट, गायत्री शक्तिपीठ- हमीरपुर, बैरागढ़ माता- कोंच जालौन, कूष्मांडा देवी-घाटमपुर, शीतला माता मंदिर- मैनपुरी, चामुंडा देवी मंदिर- फिरोजाबाद, चंद्रिका देवी मंदिर- लखनऊ और संकटा देवी मंदिर- लखनऊ।


