एशियाई खेल : महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ओलम्पिक चैम्पियन कोरिया को चौंका स्वर्ण जीता

नागोया, दो अक्टूबर। भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) में शुक्रवार को ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और 10 बार की ओलम्पिक चैम्पियन दक्षिण कोरियाई धर्नुधरों को चौंकाते हुए स्वर्ण पदक पर अधिकार कर लिया। इसके अलावा पुरुष रिकर्व और मिश्रित रिकर्व टीमों ने रजत पदक जीते।

कंपाउंड धनुर्धर पहले ही टीम स्पर्धाओं में जमा चुके हैं स्वर्णिम हैट्रिक

वस्तुतः भारतीय तीरंदाजों ने खेलों के मौजूदा संस्करण में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। इस क्रम में भारतीय कंपाउंड तीरंदाज सभी टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक जमा चुके हैं। भारत ने तीरंदाजी में अब तक सात पदक जीते हैं, जिनमें चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य शामिल हैं। तीरंदाजी मुकाबलों के अंतिम दिन शनिवार को भी कुमकुम मोहेद अनिल जहां रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में उतरेंगी वहीं धीरज बोम्मादेवरा व नीरज चौहान रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में जोर आजमाएंगे।

मौजूदा संस्करण में 13वां दिन भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ, कुल 6 स्वर्ण हाथ लगे

कुल मिलाकर देखें तो पदक स्पर्धाओं का 13वां दिन भारत के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ साबित हुआ, जब खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण जीते। तीरंदाजी रिकर्व के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 वर्षों बाद श्रेष्ठता सिद्ध की तो मुक्केबाजों ने गोल्डन तिकड़ी जमाई और पहलवान सुजीत कलकल ने कुश्ती में देश को पहला स्वर्ण दिलाया।

पदक तालिका : 16 स्वर्ण सहित 76 पदकों के साथ शीर्ष पांच में पहुंचा भारतीय दल

भारतीयों ने दिन में छह स्वर्ण पदकों के साथ ही तीन रजत व तीन कांस्य यानी कुल 12 पदक जीते। इसे साथ ही भारतीय दल ने अब 16 स्वर्ण, 25 रजत व 35 कांस्य समेत 76 पदक जीतकर पदक तालिका में अच्छी छलांग लगाते हुए खुद को पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया है। हालांकि भारत के पदक चौथे स्थान पर काबिज उज्बेकिस्तान (20+32+22=65) से अधिक हैं, लेकिन स्वर्ण की गिनती में वह पीछे है।

शीर्षस्थ चीन ने पूरा किया पदकों का तिहरा शतक

दूसरी तरफ पावरहाउस चीन ने पदकों का तिहरा शतक पूरा कर लिया है। इस क्रम में शीर्षस्थ चीनी दल ने अब तक 162 स्वर्ण, 81 रजत व 73 कांस्य सहित 316 पदक बटोरे हैं। दूसरे स्थान पर काबिज मेजबान जापान के खाते में 240 पदक (72+83+85) हैं जबकि कोरिया गणराज्य (33+39+62=134) तीसरे स्थान पर है।

अंकिता, कीर्ति व कुमकुम की तिकड़ी ने रिकर्व में दिलाया सोना

ओकजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपरपज स्वायर में जारी रिकर्व तीरंदाजी मुकाबलों पर गौर करें तो अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा व 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद अनिल ने फाइनल में 10 बार की ओलम्पिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण जीता। भारतीय तिकड़ी ने तेज हवा के कारण चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच धैर्य बनाए रखते हुए गत चैंपियन कोरियाई टीम को 5-3 (54-54, 56-56, 55-51, 54-54) से हराकर यादगार जीत दर्ज की।

मिश्रित रिकर्व व पुरुष रिकर्व टीमों ने भी जीते रजत पदक

इसके बाद कुमकुम ने धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिलकर मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय जोड़ी को फाइनल में चीन के खिलाफ 3-5 (34-38, 35-37, 37-36, 37-37) से हार का सामना करना पड़ा।

दिन का समापन पुरुष रिकर्व टीम के रजत पदक के साथ हुआ। धीरज, संजय भोगे और नीरज चौहान की भारतीय तिकड़ी को फाइनल में दक्षिण कोरिया से 1-5 (56-56, 50-57, 54-56) से शिकस्त मिली।

सेलिंग की महिला डिंगी में नेत्रा कुमानन को कांस्य

उधर काइयोह याक हार्बर में जारी पाल नौकायान (Sailing) मुकाबलों में नेत्रा कुमानन ने महिलाओं की डिंगी में कांस्य पदक जीता। सेलिंग में गुरुवार को भी भारतीय नाविकों ने एक रजत व एक कांस्य पदक जीते थे। ये तीनों पदक आज भारत की आधिकारिक पदक तालिका में जोड़ दिए गए।

सेपकटेकरा में पुरुषों की चौकड़ी ने जीता कांस्य

वहीं नागोया सिटी मिजुहो पार्क जिम्नेजियम में चल रहे सेपकटेकरा मुकाबले के अंतर्गत पुरुषों की क्वाड्रेंट स्पर्धा में अरुण व कुमार बॉबी की अगुआई में भारतीय चौकड़ी कांस्य जीतने में कामयाब रही। उसे सेमीफाइनल में जापान जापान के हाथों 0-2 से पराजय का सामना करना पड़ा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular