नई दिल्ली, दो अक्टूबर। कांग्रेस ने पंजाब व उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। इस क्रम में पार्टी ने पंजाब में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के इस्तीफे के बाद पार्टी ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा ‘मोना’ अब पूर्वांचल के कद्दावर नेता अजय राय की जगह लेंगी।

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आज ही पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार की सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद देर शाम कांग्रेस ने 62 वर्षीय परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने साथ ही अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की भी सराहना की है।
Hon’ble Congress President Shri @kharge has appointed Shri Pargat Singh as the President of the Punjab Pradesh Congress Committee, with immediate effect. pic.twitter.com/j3Jp7b3zEm
— Congress (@INCIndia) October 2, 2026
इमरान मसूद को भी अहम जिम्मेदारी, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने वरिष्ठ उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने निवर्तमान PCC अध्यक्ष अजय राय के योगदान की भी सराहना की है।
Hon'ble Congress President Shri @kharge has appointed the President, Working President and Senior Vice Presidents of the Uttar Pradesh Congress Committee with immediate effect.
He has also approved the proposal for the appointment of Shri Chaudhary Virendra Singh as the Leader… pic.twitter.com/Co7491odkm
— Congress (@INCIndia) October 2, 2026
प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना रामपुर खास सीट से 3 बार की विधायक हैं
आराधना मिश्रा की बात करें तो यूपी में प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार की विधायक और कांग्रेस विधायक दल की नेता हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वस्तुतः 52 वर्षीय आराधना मिश्रा दो दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय हैं, जिन्हें मोना के नाम से भी जाना जाता है।

आराधना ने अपने पिता प्रमोद तिवारी से राजनीतिक विरासत संभाली है। प्रमोद तिवारी रामपुर खास से नौ बार विधायक रहे थे, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली की राजनीति पर ध्यान केंद्रित किया और राज्यसभा सदस्य बने। दिलचस्प यह है कि रामपुर खास सीट पर तिवारी परिवार का लगातार 47 वर्षों से प्रभाव रहा है।
प्रियंका गांधी की करीबी
आराधना मिश्रा को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का करीबी माना जाता है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी उनके साथ काम किया था। कुल मिलाकर देखें तो उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका रही है और इसे देखते हुए ही कांग्रेस ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
चौधरी वीरेंद्र सिंह यूपी में कांग्रेस विधायक दल के नेता
कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। चौधरी अब आराधना मिश्रा की जगह लेंगे। इस तरह पंजाब और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में कांग्रेस ने प्रदेश संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।


