मुंबई, 5 अक्टूबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फेक और मॉर्फ्ड कंटेंट बनाए जाने के बढ़ते मामलों के बीच एक्ट्रेस यामी गौतम ने अपनी तस्वीरों और वीडियो को लेकर लोगों से खास अपील की है। अभिनेत्री ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान ली गई उनकी तस्वीरों को AI की मदद से बदलने या एडिट करने से बचा जाए। यामी गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी पब्लिक अपीयरेंस की तस्वीरों का इस्तेमाल उनके मूल रूप में ही किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की जानकारी और सहमति के बिना AI के जरिए उसकी तस्वीर या पहचान में बदलाव करना उचित नहीं है। यामी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “कृपया पब्लिक अपीयरेंस के दौरान ली गई मेरी तस्वीरों को एआई की मदद से बदलने या बेहतर बनाने से बचें। तस्वीरों का इस्तेमाल उनके ओरिजिनल रूप में ही करें।” उन्होंने लोगों से उनकी इस अपील का सम्मान करने के लिए धन्यवाद भी कहा।
मॉर्फ्ड कंटेंट के बीच सामने आया बयान
यामी गौतम की यह अपील ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल ही में फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ से जुड़ा एक मॉर्फ्ड वीडियो इंटरनेट पर सामने आया था। हालांकि यामी ने अपनी पोस्ट में किसी खास वीडियो का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने AI के जरिए किसी व्यक्ति की तस्वीर या पहचान के साथ बिना अनुमति छेड़छाड़ किए जाने को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है।
‘नई नवेली’ में मोहिनी के किरदार में आएंगी नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें परिवार, ह्यूमर, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। अपने किरदार मोहिनी को लेकर यामी ने बताया कि इस भूमिका की सबसे खास बात यह है कि वह पहली नजर में जैसी दिखाई देती है, वास्तव में वैसी नहीं है। मोहिनी के किरदार में अपनापन और गर्मजोशी के साथ एक रहस्य भी जुड़ा हुआ है, जो कहानी के आगे बढ़ने के साथ सामने आता है।
16 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘नई नवेली’ का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी में पारिवारिक रिश्तों के साथ हास्य, भावनात्मक पहलुओं, फैंटेसी और एक्शन का मेल देखने को मिलेगा।


