नागोया, 30 सितम्बर। भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) में बुधवार को दबाव के बीच शानदार संयम दिखाते हुए जबर्दस्त प्रदर्शन किया और टीम स्पर्धाओं में क्लीन स्वीप के साथ स्वर्णिम हैट्रिक जमा दी। इस क्रम में देश की पुरुष, महिला व मिश्रित टीमों ने अपने-अपने खिताब बरकरार रखते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। पिछले हांगझू खेलों में भारतीय तीरंदाजों ने पांच स्वर्ण पदक जीते थे।
मिश्रित जोड़ी की उपलब्धि से भारत ने ओलम्पिक कोटा स्थान भी हासिल किया
भारतीय तीरंदाजों के इस शानदार प्रदर्शन में चिकिता तनीपार्थी व साहिल जाधव की मिश्रित जोड़ी का स्वर्ण पदक जीतना खास रहा क्योंकि इसके साथ भारत ने ओलम्पिक कोटा स्थान भी हासिल किया। भारत इस तरह 2028 लॉस एंजेलिस ओलम्पिक के कंपाउंड मिश्रित टीम वर्ग के लिए क्वालीफाई करने वाला पहला देश बन गया। कंपाउंड तीरंदाजी को लॉस एंजेलिस खेलों में पहली बार ओलम्पिक कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
चिकिता और साहिल के नाम रहे 2-2 स्वर्ण पदक
ओकाजाकी चुओ सोगो मल्टीपरपज स्क्वॉयर में भारत के स्वर्णिम अभियान की शुरुआत ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता और पृथिका प्रदीप की महिला तीरंदाजी टीम ने चीन को फाइनल में 238-234 से हराकर की जबकि अभियान का अंत कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की पुरुष टीम ने किया। इस बीच चिकिता और साहिल ने मिश्रित टीम में भी स्वर्ण जीता। इस तरह से दोनों ने दो-दो स्वर्ण पदक जीते।
GOLD FOR BHARAT! 🇮🇳🥇
Heartiest congratulations to Sahil Rajesh Jadhav and Chikitha Taniparthi on winning the Gold Medal in the Compound Mixed Team event at #AsianGames2026. A monumental victory that also secures an LA28 Olympics quota for India!#Cheer4Bharat pic.twitter.com/jnzgfAeHc7
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) September 30, 2026
कुशल, साहिल व गणेश की पुरुष टीम ने चीन से पिछड़ने के बाद की शानदार वापसी
कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु क भारतीय पुरुष टीम फाइनल में दो अंक से पीछे थी, लेकिन उसने अंतिम चरण में शानदार वापसी करते हुए चीन को 238-237 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। चीन की टीम में जियाहाओ लियाओ, जिनयी लियू और जिंग्यू शी शामिल थे। चीन को रजत पदक मिला। सेमीफाइनल में भारत ने चोई यून ग्यू, चोई योंगही और किम जोंघो की दक्षिण कोरियाई टीम को 236-229 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
GOLD FOR BHARAT! 🇮🇳🥇
Heartiest congratulations to Kushal Dalal, Sahil Rajesh Jadhav and Ganesh Maniratnam Thirumuru, on winning the Gold Medal in the Compound Men’s Team event at the Asian Games 2026. A proud moment for Indian archery and for the entire nation.#Cheer4Bharat pic.twitter.com/mU8b6KzdDk
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) September 30, 2026
चिकिता व साहिल की मिश्रित टीम ने कोरियाई तीरंदाजों को शूट ऑफ में शिकस्त दी
चिकिता व साहिल की भारत की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी ने इससे पहले रोमांचक फाइनल में शानदार संयम का परिचय देते हुए दक्षिण कोरिया के जंगयून पार्क व चोई यून ग्यू को शूट ऑफ के बाद 158-157 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने इसके साथ ही 2028 ओलम्पिक कोटा स्थान भी हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 156-155 से हराकर स्वर्ण पदक के मुकाबले में प्रवेश किया था।
ज्योति, चिकिता व पृथिका की महिला टीम ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की
वहीं ज्योति, चिकिता व पृथिका की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए चीन को 238-234 से हराया। ज्योति पिछले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं। भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 234-233 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
Bullseye for Gold! 🎯🥇
Heartiest congratulations to Jyothi Surekha Vennam, Prithika Pradeep, and Taniparthi Chikitha on winning Gold in the Women’s Compound Team event at #AsianGames2026. The trio also equalled the World Record in a masterclass of precision and skill!… pic.twitter.com/ixckk5emdJ
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) September 30, 2026
अभी 7 स्पर्धाओं में भारतीय तीरंदाज खिताबी होड़ में कायम
दिलचस्प यह है कि भारतीय तीरंदाज अभी सात और स्पर्धाओं की खिताबी होड़ में बने हुए हैं। इनमें गुरुवार को चिकिता व गणेश क्रमशः महिला व पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उतरेंगे जबकि शुक्रवार (दो अक्टूबर) को रिकर्व महिला, पुरुष व मिश्रित टीमें जोर आजमाइश करेंगी। तीरंदाजी स्पर्धाओं के अंतिम दिन तीन अक्टूबर को रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में कुमकुम मोहोद अनिल चुनौती पेश करेंगी जबकि पुरुष वर्ग में धीरज बोम्मदेवरा व नीरज चौहान लक्ष्य भेदेंगे।


