जंतर-मंतर पर आरक्षण के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली, 21 अगस्त। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर UGC के इक्विटी नियम और जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ ‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ (RHA) के प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को जमकर धरना प्रदर्शन किया। हजारों लोगों की भीड़ दिल्ली के इस वीआईपी इलाके में पहुंची और आरक्षण के खिलाफ नारे लगाए।

हालांकि पुलिस ने देर शाम प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। उन्हें बसों में भरकर मौके से हटाया गया। दरअसल, प्रदर्शनकारी मौजूदा जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और सरकारी योजनाओं में आर्थिक आधार को ज्यादा महत्व देने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि वे UGC और SC-ST से जुड़े प्रावधानों को लेकर भी अपनी मांगें सरकार के सामने रखना चाहते हैं।

वहीं प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय बलों ने मोर्चा संभाला। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल से हटाना शुरू किया। पुलिस की काररवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए जुटे थे। वे आरक्षण व्यवस्था में सुधार और इसकी समीक्षा की मांग कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस का दावा – प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी

दिल्ली पुलिस ने साफ तौर पर कहा था कि इस प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के बारे में गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी काररवाई की चेतावनी दी गई थी। सामने आए दृश्यों में पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेते दिखाई दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बैनर, पोस्टर और भगवा झंडे लेकर मौके पर जमा हुए और जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी की।

आर्थिक मानदंड पर आरक्षण देने की मांग

प्रदर्शनकारियों को सोशल मीडिया के जरिये इस विरोध प्रदर्शन के लिए लामबंद किया गया था। उनकी मांग है कि सरकारी सहायता और आरक्षण की पात्रता तय करने में जाति के बजाय आर्थिक मानदंड को प्राथमिकता दी जाए। पुलिस ने प्रदर्शन से पहले इलाके के प्रमुख स्थलों पर पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया और जंतर-मंतर की ओर लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular