विश्व योगासन स्पर्धा के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी- योगासन के विस्तार से रोजगार व करिअर के नए अवसर बनेंगे
नई दिल्ली, 4 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योगासन के विस्तार से रोजगार व करिअर के नए अवसर उपजेंगे।
अहमदाबाद की धरती से विश्व खेल जगत के इतिहास में नया अध्याय जुड़ रहा
पीएम मोदी ने कहा कि अहमदाबाद की धरती से विश्व खेल जगत के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने विभिन्न देशों से आए योगासन प्रतिभागियों का भारत में स्वागत करते हुए कहा कि यूनेस्को विश्व धरोहर शहर अहमदाबाद में इस आयोजन का होना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा और उससे पहले आयोजित यह चैम्पियनशिप स्वास्थ्य और वेलनेस के संदेश को और मजबूत करेगी।
योग को वैश्विक पहचान मिलने का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब एक दशक पहले भारत संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव लेकर गया था, जिसे 190 देशों का समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों लोग योग, ध्यान और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं। उनके अनुसार, योग अब केवल एक परंपरा नहीं बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले चुका है।
योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मिलेगी नई पहचान
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर जीवंत परंपरा समय के साथ नए चरण में प्रवेश करती है और विश्व योगासन चैम्पियनशिप उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से योगासन को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में योगासन ओलंपिक और अन्य बहु-खेल आयोजनों में भी अपनी जगह बना सकता है, यदि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएं।
रोजगार और करिअर के नए अवसर खुलेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि हर बड़ा खेल अपने साथ एक व्यापक इकोसिस्टम लेकर आता है और रोजगार के नए अवसर पैदा करता है। उन्होंने कहा कि योगासन खेल के विस्तार के साथ खिलाड़ियों के लिए नए करिअर विकल्प खुलेंगे। इसके अलावा प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और इवेंट मैनेजर्स के लिए भी नए अवसर विकसित होंगे।
‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ है। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में लोग लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय रहने के उपाय तलाश रहे हैं और योग इसका प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को रोगों से मुक्ति दिलाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में भी मदद करता है। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि ‘हर रोज योग, भगाएगा सारे रोग।’
‘योगा 365’ अभियान से जुड़ने का आह्वान
पीएम मोदी ने बताया कि आयुष मंत्रालय ने ‘योगा 365’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने विश्व योगासन चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने देशों में लौटकर योग के संदेश को आगे बढ़ाएं और ‘योगा 365’ के एम्बेसडर बनें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का अनुभव और योग के प्रति उनका विश्वास दुनिया भर के लोगों को इस अभियान से जोड़ सकता है।
प्रतिभागियों को बताया इतिहास का हिस्सा
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में जीत किसी की भी हो, लेकिन इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनकर सभी प्रतिभागी पहले से ही विजेता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा और अनुशासन दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करेगा। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं और बधाई दी।
