राघोपुर, 13 अक्टूबर। बिहार में वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात्रि नाव हादसे में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें अधिकतर बच्चे हैं। मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था। एक छोटी नाव पर करीब 20 से 25 लोग सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई। नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।
हादसे के बाद पीएचसी में मची अफरा-तफरी
रामपुर श्यामचंद में नाव हादसे के बाद स्थानीय लोग पानी में डूबे लोगों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। बताया गया है कि 17 बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों की जांच के बाद 13 को मृत घोषित कर दिया गया। तीन बच्चों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया, जबकि एक की स्थिति ठीक बताई गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही और पूरा परिसर स्थानीय लोगों की भीड़ से भर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना से पूरे राघोपुर प्रखंड में मातम छा गया। विभिन्न गांवों से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं घटनास्थल पर पहुंचने लगे। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर काररवाई जारी है।
सीएम सम्राट चौधरी ने किया आर्थिक सहायता का एलान
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है। साथ ही प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं।
नाव पर 20 लोग थे सवार, 13 की मौत, 7 एनएमसीएच रेफर : डीएम
वहीं नाव हादसे के बाद मौके पर पहुंची वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटना को लेकर मीडिया को जानकारी दी। वर्षा सिंह ने कहा, ‘देखिए, बहुत ही दुखद घटना है, साढ़े आठ बजे ये घटना हुई है। सूचना मिली कि एक नाव है, जिसमें से 20 बच्चे जा रहे थे, बगल के गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे और उसी क्रम में नाव पलट गई।’
उन्होंने बताया कि अब तक कुल सात लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जो कि एनएमसीएच भेजे गए हैं। इसके अतिरिक्त यहां पर जो लोग हैं, वो सभी बच्चे हैं, उनकी उम्र 15 वर्ष के लगभग बताई गई, जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।
‘रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…‘
डीएम ने कहा कि लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है, लोकल गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। लगातार ये रेस्क्यू रात भर जारी रहेगा, कल भी जारी रहेगा। उन्होने कहा कि अभी यहां पर कुल 13 लोगों की मौत हुई है। सभी मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास है।
डीएम के साथ एसएसपी शुभांक मिश्रा और आला अधिकारी पीएचसी भी राघोपुर फतेहपुर पहुंचे। ग्रामीण अंचल से मिले जर्जर नाव को हादसे का कारण बता रहे हैं और सीओ पर काररवाई की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने डीएम और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी की।


