श्रेयस अय्यर होंगे टीम इंडिया के T20 कप्तान, सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे, तिलक वर्मा नए उप कप्तान

मुंबई, 4 जून। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के बीते सत्र में पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से बतौर कप्तान धाकड़ प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर भारतीय क्रिकेट टीम के अगले टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान बनेंगे। वह विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रहे सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे। वहीं तिलक वर्मा को श्रेयस का नायब बनाया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्रों ने गुरुवार की रात यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति ने अय्यर को टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान नियुक्त करने पर सहमति जताई है, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे।

6 जून को चयन समिति की बैठक में होगी औपचारिक घोषणा

हालांकि गुरुवार को बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की बैठक में भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी पर चर्चा नहीं हुई, लेकिन सूत्रों के अनुसार बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों ने अय्यर को कप्तान और वर्मा को उप-कप्तान नियुक्त करने पर सहमति व्यक्त कर दी है। बताया जा रहा है कि अय्यर छह जून को होने वाली चयन समिति की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं। उसी दिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा की जाएगी।

हालिया महीनों में बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं सूर्या

उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में इसी वर्ष मार्च में भारतीय टीम ने तीसरी बार आईसीसी टी20 विश्व कप जीता था। भारत ने सफलतापूर्वक अपना खिताब बरकरार रखा और टी20 विश्व कप ट्रॉफी का बचाव करने वाली पहली टीम बनी। हालांकि, सूर्यकुमार का बल्ले से प्रदर्शन औसत रहा, उन्होंने नौ मैचों में 242 रन बनाए थे। सूर्या का आईपीएल 2026 में भी प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा और वह मुंबई इंडियंस (MI) के लिए सिर्फ 270 रन बना सके और पांच बार की पूर्व चैम्पियन टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर पिछड़ गई।

श्रेयस ने दिसम्बर, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था अंतिम टी20I मैच

श्रेयस अय्यर की बात करें तो उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच दिसम्बर, 2023 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। अब आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए वह राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे, जहां उन्होंने कुल 498 रन बनाए थे।

टीम इंडिया इसी माह आयरलैंड व इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी

टीम इंडिया का अगला टी20 अंतरराष्ट्रीय दौरा आयरलैंड में होगा, जहां वह दो मैच खेलेगी। उसके बाद राष्ट्रीय टीम इंग्लैंड के लिए रवाना होंगी, जहां उसे पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलने हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20 26 जून को खेला जाएगा और दूसरा 28 जून को निर्धारित है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular