1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. मलेशिया मास्टर्स : अश्मिता चालिहा का अभियान जारी, मालविका व देविका सहित अन्य भारतीय शटलर परास्त
मलेशिया मास्टर्स : अश्मिता चालिहा का अभियान जारी, मालविका व देविका सहित अन्य भारतीय शटलर परास्त

मलेशिया मास्टर्स : अश्मिता चालिहा का अभियान जारी, मालविका व देविका सहित अन्य भारतीय शटलर परास्त

0
Social Share

कुआलालंपुर, 21 मई। भारतीय शटलर अश्मिता चालिहा ने यहां मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। लेकिन मालविका बंसोड़ व देविका सिहाग सहित गुरुवार को कोर्ट पर उतरने अन्य भारतीय खिलाड़ियों की चुनौती समाप्त हो गई।

अश्मिता ने मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी को सिर्फ 27 मिनट में पस्त किया

BWF रैंकिंग में 71वें क्रम की 26 वर्षीय चालिहा ने स्टेडियम एग्जिआटा एरेना के कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में मलेशियाई गोह जिन वेई को टिकने ही नहीं दिया और सिर्फ 27 मिनट में 21-13, 21-16 से जीत हासिल कर ली।

क्वालीफायर से शुरुआत करने वाली अश्मिता पहले गेम में दुनिया की 55वें नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं। हालांकि जिन वेई ने दूसरे गेम में वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय शटलर ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को जमने का कोई मौका नहीं दिया।

चालिहा तीसरी बार सुपर 500 टूर्नामेंट के अंतिम 8 में

करिअर में तीसरी बार किसी सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंची चालिहा का सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए डेनमार्क की आठवीं वरीयता प्राप्त लाइन होजमार्क केयर्सफेल्ट से मुकाबला होगा, जिन्होंने पिछले दो राउंड में भारतीय खिलाड़ियों – अनमोल खरब व मालविका बंसोड़ को परास्त किया।

मालविका पहला गेम जीतने के बाद आठवीं सीड डेनिस स्पर्धी से हारीं

उधर कोर्ट नंबर एक पर विश्व नंबर 51 मालविका ने लाइन होजमार्क के खिलाफ पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद डेनिस शटलर ने रफ्तार पकड़ी तो बंसोड़ का संघर्ष फीका पड़ गया। 59 मिनट तक खिंचे मुकाबले में मालविका 21-16, 8-21, 15-21 से परास्त हुईं।

टॉप सीड चेन यु फेइ ने देविका की चुनौती तोड़ी

पूर्व क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मुकाबले में थाईलैंड मास्टर्स चैम्पियन देविका सिहाग को कोर्ट नंबर तीन पर शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की चेन यु फेई ने 36 मिनट में 21-16, 21-13 से शिकस्त दी।

उधर मिश्रित युगल में सात्विक कनापुरम व राधिका शर्मा की जोड़ी अमेरिका के प्रेसले स्मिथ और जेनी गेइ के हाथों 12-21, 25-27 से हार गई। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकारूनन व एमआर अर्जुन को चीन के हू कि युआन व लिन शियांग ने 21-14, 21-15 से हराया। लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय बुधवार को ही हारकर बाहर हो गए थे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code