1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव के बीच गंवाई शुरुआती तेजी, सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर
शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव के बीच गंवाई शुरुआती तेजी, सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर

शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव के बीच गंवाई शुरुआती तेजी, सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी स्थिर

0
Social Share

मुंबई, 21 मई। घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शुरुआती तेजी गंवा दी और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। प्रमुख कम्पनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 135 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में चार अंक की मामूली गिरावट से लगभग स्थिर रहा।

सेंसेक्स 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 135.03 अंक यानी 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक 949.01 अंकों के दायरे में ऊंचे में 75,945.79 अंक तक गया और नीचे में 74,996.78 अंक तक गिरा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के स्टॉक चढ़कर रुके तो 17 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 4.30 अंक की मामूली गिरावट से 23,654.70 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 263.30 अंकों के दायरे में 23,859.90 का हाई और 23,596.60 का लो बनाया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाभ में रहे तो 24 में कमजोरी दिखी।

बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा 1.74 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा 1.74 फीसदी गिरे। टेक महिंद्रा, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। वहीं लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं।

एफआईआई ने 1,597.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,597.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 104.3 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code