1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : बारिश से बाधित मैच में जीत से KKR की हल्की उम्मीदें कायम, मुंबई इंडियंस की नौवीं पराजय
आईपीएल-19 : बारिश से बाधित मैच में जीत से KKR की हल्की उम्मीदें कायम, मुंबई इंडियंस की नौवीं पराजय

आईपीएल-19 : बारिश से बाधित मैच में जीत से KKR की हल्की उम्मीदें कायम, मुंबई इंडियंस की नौवीं पराजय

0
Social Share

कोलकाता, 20 मई। ईडन गार्डन्स में बुधवार की रात बारिश से बाधित कम स्कोर वाले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का पलड़ा बीस रहा, जिसने रेस से पहले ही बाहर हो चुके मुंबई इंडियंस (MI) पर सात गेंदों के शेष रहते चार विकेट से जीत हासिल की और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) 2026 के प्लेऑफ में प्रवेश की हल्की उम्मीदें कायम रखीं।

केकेआर के गेंदबाजों ने मुंबइया टीम को 147 पर सीमित किया

दरअसल, ‘करो या मरो’ वाले मैच में केकेआर के लंबोतरे पेसरों – कैमरन ग्रीन (2-23) व सौरभ दुबे (2-34) ने पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबई इंडियंस के दो-दो बल्लेबाजों को पॉवरप्ले (4-46) के भीतर ही चलता कर दिया। इसी दौरान बारिश के चलते लगभग एक घंटे की बाधा के बाद दोबारा खेल आगे बढ़ा तो कार्तिक त्यागी (2-37) व स्पिनर्स ने दबाव झोंक दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि सर्वोच्च स्कोरर कोर्बिन बॉश (नाबाद 32 रन, 18 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) की कोशिश के बावजूद मेहमान टीम आठ विकेट पर 147 रनों तक ही पहुंच सकी।

मनीष पांडे व पॉवेल ने कलकतिया टीम को दिखाई जीत की राह

कमजोर लक्ष्य का पीछा करते वक्त केकेआर ने कोर्बिन बॉश (3-30) व उनके साथी गेंदबाजों के सामने 54 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मनीष पांडे (45 रन, 33 गेंद, छह चौके) व रोवमन पॉवेल (40 रन, 30 गेंद, दो छक्के, चार चौके) की ठोस पारियों से काम आसान हो गया और उनकी टीम ने 18.5 ओवरों में छह विकेट पर 148 रन बना लिए। इसके साथ ही केकेआर ने सत्र के अपने पहले ही मैच में एमआई के हाथों मिली पराजय का हिसाब भी चुकता कर दिया।

पिछले 7 मैचों में छठी जीत से केकेआर अब छठे स्थान पर

उल्लेखनीय तथ्य है कि अपने पहले छह मैचों में एक भी जीत नहीं दर्ज कर सके तीन बार के पूर्व विजेता केकेआर की पिछले सात मैचों में यह छठी जीत थी। अब 13 मैचों में 13 अंकों के साथ अजिंक्य रहाणे की टीम छठे स्थान पर जा पहुंची है। हालांकि प्लेऑफ का चौथा व अंतिम स्थान भरने के लिए कलकतिया टीम को न सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अपना अंतिम मैच जीतना होगा वरन उम्मीद करनी होगी कि दो अन्य मैचों के नतीजे उसके पक्ष में जाएं।

वहीं एकादश में वापसी के साथ फिर कप्तानी संभालने वाले हार्दिक पंड्या एंड कम्पनी की 13 मैचों में यह नौवीं पराजय थी और वह आठ अंकों के साथ फिसड्डी लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG, आठ अंक) से सिर्फ एक पायदान ऊपर नौवें स्थान पर है। फिलहाल पांच बार का पूर्व चैम्पियन एमआई अब राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलकर मौजूदा सत्र में अपने निराशाजनक अभियान का समापन करेगा।

मनीष व पॉवेल के बीच 64 रनों की अहम भागीदारी

कमजोर लक्ष्य के सामने केकेआर की पारी देखें तो दीपक चाहर (1-23) ने पहले ही ओवर में खतरनाक जहां फिन एलेन (आठ रन, पांच गेंद, दो चौके) को मायूस कर दिया वहीं कप्तान रहाणे (21 रन, 17 गेंद, चार चौके) व कैमरन ग्रीन (चार रन) बोच के शिकार हो गए। हालांकि मनीष व पॉवेल ने 48 गेंदों पर 64 रनों की भागीदारी से दल को जीत की राह पकड़ा दी।

स्कोर कार्ड

जसप्रीत बुमराह (1-26) व अल्लाह गजनफर (1-25) ने मनीष व पॉवेल को लगातार ओवरों में आउट कर दबाव बढ़ाने की कोशिश की। फिलहाल पिछले कुछ मौकों पर जरूरत के वक्त मोर्चा संभाल चुके रिंकू सिंह (नाबाद 11 रन, पांच गेंद, दो चौके) फिर मौजूद थे। उन्होंने तेजस्वी दहिया (11 रन, 12 गेंद, दो चौके) व अनुकूल रॉय (नाबाद चार रन) संग मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

41 रनों के भीतर मुंबई के 4 शीर्ष बल्लेबाज लौट चुके थे

इसके पूर्व बदलीयुक्त मौसम में मुंबई इंडियंस ने 41 रनों के  भीतर ही चार बल्लेबाज खो दिए। इनमें ग्रीन ने सिर्फ तीन गेंदों के अंतराल पर रियान रिकेल्टन (छह रन) व नमन धीर (0)  को लौटाया। इसके बाद उन्होंने मिड विकेट से दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपका और दुबे की गेंद पर रोहित शर्मा (15 रन, 13 गेंद, दो चौके) की विदाई की। उधर सूर्यकुमार यादव (15 रन, छह गेंद, एक छक्का, दो चौके) भी वामहस्त पेसर दुबे के दूसरे शिकार हो गए।

मुंबई की पारी के दौरान बारिश ने एक घंटे तक खेल रोका

आठवें ओवर में चार विकेट पर स्कोर 57 रन था, तभी बारिश के कारण एक घंटे का खेल रोकना पड़ा। दोबारा पारी आगे बढ़ी तो केकेआर की स्पिन जोड़ी सुनील नरेन (1-13) व चोटिल वरुण चक्रवर्ती (0-28) ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। दोनों ने मिलकर अपने शुरुआती चार ओवरों में सिर्फ 14 रन खर्च किए।

नरेन ने तिलक वर्मा (20 रन, 32 गेंद, एक छक्का) को लगातार परेशान किया और अंत में कप्तान हार्दिक पंड्या (26 रन, 27 गेंद, एक छक्का, दो चौके) का कीमती विकेट हासिल किया। वहीं तिलक एक जीवनदान पाने के बाद कार्तिक त्यागी के शिकार हो गए। मुंबई इंडियंस का स्केार 17 ओवरों में सात विकेट पर 106 रन था। लेकिन कोर्बिन बॉश ने तेज हाथ दिखाते हुए आखिरी तीन ओवरों में 41 रन जोड़े और टीम को 145 के पार पहुंचाया।

गुरुवार का मैच : गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code