ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता : संयुक्त अभियान में 526 किलो मेथम्फेटामाइन व हेरोइन जब्त, 5 पाक नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30 सितम्बर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जानकारी दी कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली, जब गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS), भारतीय तटरक्षक बल व केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के एक संयुक्त अभियान में भारत के EEZ (Exclusive Economic Zone) में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन व हेरोइन जब्त की गई है और पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।

अमित शाह बोले – मोदी सरकार युवाओं को ड्रग्स की बुराई से बचाने के लिए प्रतिबद्ध

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ‘मोदी सरकार युवाओं को ड्रग्स की बुराई से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गुजरात ATS, भारतीय तटरक्षक बल और केन्द्रीय खुफिया एजेंसियों के एक संयुक्त अभियान में भारत के EEZ में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन और हेरोइन जब्त की गई है। यह नाव लक्षद्वीप से 160 नॉटिकल मील उत्तर-पश्चिम और मुंबई से 490 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में थी।’

16 दिनों तक चले ऑपरेशन में एक ईरानी नाव भी जब्त की गई

शाह ने पोस्ट में आगे कहा, ‘इस मामले में पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है ताकि इसके बड़े नेटवर्क और इसे प्राप्त करने जा रहे लोगों (intended receivers) का पता चल सके। एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल और सहयोग का उदाहरण पेश करते हुए 16 दिनों तक चले इस ऑपरेशन में एक ईरानी नाव को भी जब्त किया गया।’

‘सुरक्षित, स्वस्थ और नशा-मुक्त भारत हमारा साझा राष्ट्रीय संकल्प’

उन्होंने कहा, ‘एक सुरक्षित, स्वस्थ और नशा-मुक्त भारत हमारा साझा राष्ट्रीय संकल्प है। 14 से 30 सितम्बर तक चला यह अभियान भारत की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में खुफिया जानकारी पर आधारित और विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल की मजबूती को दर्शाता है। मोदी सरकार द्वारा जारी किया गया ड्रग कंट्रोल का विजन डॉक्यूमेंट (2026–2029) कानून लागू करने की व्यवस्था को मजबूत करने, ड्रग नेटवर्क को तोड़ने और हमारे युवाओं व समाज को नशीले पदार्थों से बचाने के लिए एक व्यापक रूपरेखा प्रदान करता है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular