उत्तराखंड : ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, टला बड़ा हादसा
ऋषिकेश, 19 मई। उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। खांड गांव विस्थापित क्षेत्र के पास हुई इस दुर्घटना में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, क्योंकि हादसे के समय ट्रेन में कोई सवार नहीं था। रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डिब्बों को पटरी से हटाने का काम चल रहा है। हादसे की तस्वीरें बेहद भयावह हैं- एक डिब्बा पूरी तरह पटरी से अलग होकर ट्रैक के बाहर लटकता हुआ दिख रहा है।
हादसा कब और कैसे हुआ?
सोमवार रात करीब 9:23 बजे स्टेशन यार्ड में ट्रेन का ट्रैक बदला जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे जीआरपी के जवानों ने नियंत्रित किया।रेलवे ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। ट्रेन संचालन और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालिया रेल हादसे
17 मई राजस्थान: कोटा में राजधानी एक्सप्रेस की एक एसी बोगी में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि उसमें सवार 68 यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए, कोई जनहानि नहीं हुई।
हैदराबाद: नामपल्ली स्टेशन पर हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस की दो एसी बोगियों में आग लगने की घटना भी सामने आई।
