वाराणसी, 26 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एयर शो-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच खुद को भारतीय सेना का कैप्टन बताने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। युवक नमो घाट स्थित हेलीपैड के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। पूछताछ और सत्यापन के दौरान उसके सेना में अधिकारी होने के दावे की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अर्पित चतुर्वेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मामला 24 अक्टूबर का है। आदमपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक चंदन कुमार एयर शो-2026 के मद्देनजर हेड कांस्टेबल हृदयनारायण मौर्य और कांस्टेबल महबूब आलम के साथ नमो घाट पर सुरक्षा ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक हेलीपैड की ओर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है और खुद को सेना का अधिकारी बता रहा है।
पूछताछ में बताया अपना नाम कैप्टन अर्पित चतुर्वेदी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना नाम कैप्टन अर्पित चतुर्वेदी बताया और खुद को भारतीय सेना का अधिकारी होने का दावा किया। हालांकि, पुलिस की ओर से किए गए सत्यापन में उसके कैप्टन होने की पुष्टि नहीं हुई। जांच में युवक की पहचान अर्पित चतुर्वेदी के रूप में हुई, जो आजमगढ़ का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मामले में आदमपुर थाने में मुकदमा संख्या 0189/2026 दर्ज किया है।
BNS की धाराओं में मुकदमा, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 204 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने सेना के अधिकारी के रूप में अपनी पहचान प्रस्तुत कर प्रतिरूपण और धोखाधड़ी की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरि शंकर सिंह को सौंपी गई है। आदमपुर थाना पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।


