1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : लगातार पांचवीं जीत से GT शिखर पर पहुंचा, रबाडा एंड कम्पनी के सामने SRH 82 रनों से परास्त
आईपीएल-19 : लगातार पांचवीं जीत से GT शिखर पर पहुंचा, रबाडा एंड कम्पनी के सामने SRH 82 रनों से परास्त

आईपीएल-19 : लगातार पांचवीं जीत से GT शिखर पर पहुंचा, रबाडा एंड कम्पनी के सामने SRH 82 रनों से परास्त

0
Social Share

अहमदाबाद, 12 मई। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में लीग चरण के समाप्ति की ओर बढ़ने के साथ ही अग्रिम कतार की टीमों के बीच कश्मकश भी तेज हो चुकी है। इसकी एक बानगी मंगलवार की रात यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिखी, जब दूसरे व तीसरे स्थान पर काबिज टीमों की मुलाकात में गुजरात टाइटंस (GT) ने खुद सामान्य स्कोर पर थमने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 82 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया और लगातार पांचवीं जीत से पहली बार अंक तालिका में शीर्ष पर जा पहुंचा।

सुदर्शन व सुंदर के पचासों से 168 रनों तक पहुंच सके थे मेजबान

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य गुजरात टाइटंस को 2-34 की खराब शुरुआत के बाद ओपनर साई सुदर्शन (61 रन, 44 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) और वॉशिंगटन सुंदर (50 रन, 33 गेंद, एक छक्का, सात चौके) के अर्धशतकीय प्रहारों का सहारा मिला और टीम पांच विकेट पर 168 रनों तक पहुंची।

टाइटंस की पेस बैटरी के सामने सनराइजर्स की पारी 86 रनों पर बिखरी

जवाबी काररवाई के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की और हाहाकारी शुरुआत हुई, जिसके 34 रनों पर ही चार बल्लेबाज लौट गए। अंततः टाइटंस के लंबे कद के पेसरों की फौज यानी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कगिसो रबाडा (3-28), जेसन होल्डर (3-20), इम्पैक्ट प्लेयर प्रसिद्ध कृष्णा (2-23) व मो. सिराज (1-11) के सामने मेहमान दल 14.5 ओवरों में 86 रनों पर ही बिखर गया। यह दिल्ली कैपिटल्स (75 रन) के बाद मौजूदा सत्र का दूसरा न्यूनतम स्कोर था।

मौजूदा सत्र के दौरान दोनों टीमों का न्यूनतम पॉवरप्ले स्कोर

मुकाबले का सर्वाधिक दिलचस्प पहलू यह रहा कि रनों की बौछार वाले मौजूदा सत्र में आज दोनों टीमों की ओर से न्यूनतम पॉवरप्ले स्कोर (34 रन) देखने को मिला। बस फर्क इतना था कि गुजरात के दो के मुकाबले उस अवधि में हैदराबाद ने चार विकेट गंवा दिए थे। इसकी अहम वजह शायद यह ती कि यह पिच IPL की सबसे मुश्किल पिचों में से एक साबित हुई। गेंद यदि पिच पर रुककर आ रही थी तो नई गेंद दोनों तरफ स्विंग हो रही थी और विकेट के दोनों तरफ रन बनाने के मौके ढूंढना बहुत मुश्किल था।

टाइटंस के खाते में आठवीं जीत से सर्वाधिक 16 अंक

देखा जाए तो आईपीएल इतिहास में रनों के लिहाज से गुजरात टाइटंस की यह सबसे बड़ी जीत थी। इस क्रम में प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के एकदम करीब जा पहुंची शुभमन गिल एंड कम्पनी के अब 12 मैचों में आठवीं जीत से जहां 16 अंक हो गए हैं वहीं मैच के पूर्व दूसरे स्थान पर रहा एसआरएच 12 मैचों में पांचवीं हार के बाद 14 अंकों के साथ आरसीबी (11 मैचों में 14 अंक) के पीछे तीसरे स्थान पर उतर गया है। लीग चरण में एक समय खुद लगातार पांच जीत दर्ज कर चुकी हैदाराबादी टीम गत छह मई को पंजाब किंग्स पर जीत के बाद शीर्ष पर भी जा पहुंची थी।

34 रनों के भीतर लौट चुके थे हैदराबाद के शीर्ष 4 बल्लेबाज

सामान्य लक्ष्य के सामने हैदराबाद की पारी देखें तो सिराज व रबाडा ने शीर्ष चार बल्लेबाजों – ट्रैविस हेड (शून्य), अभिषेक शर्मा (छह रन, एक छक्का), ईशान किशन (11 रन, सात गेंद, एक छक्का, एक चौका) व एस. रविचंद्रन (नौ रन, एक चौका) को पॉवरप्ले के अंदर सिर्फ 32 रनों पर लौटा दिया।

एसआरएच का एक भी बल्लेबाज 20 रनों का मुंह नहीं देख सका

उसके बाद होल्डर व प्रसिद्ध ने दबाव जारी रखा जबकि 15वें ओवर में पहली बाद गेंदबाजी के लिए उतरे स्पिनर राशिद खान (1-3) ने विपक्षी पारी का अंतिम विकेट निकाला। गेंदबाजों के वर्चस्व का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि एक भी बल्लेबाज 20 रनों का मुंह नहीं देख सका और दहाई में पहुंचे चार बल्लेबाजों में कप्तान पैट कमिंस (19 रन, नौ गेंद, दो छक्के, एक चौका) सर्वोच्च स्कोरर रहे।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व गुजरात की भी खराब शुरुआत रही, जब गिल (पांच रन, एक चौका) व जोस बटलर (सात रन, एक चौका) पॉवरप्ले के अंदर प्रफुल्ल हिंगे (2-17) के शिकार हो गए (2-26)। वहीं साई संग पारी आगे बढ़ाने वाले निशांत सिंधु (22 रन, 14 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) को 10वें ओवर में पैट कमिंस (1-20) ने लौटाया।

सुदर्शन ने सत्र का पांचवां पचासा ठोका, सुंदर के साथ 60 रनों की साझेदारी

फिलहाल साई को सुंदर से अच्छा सहयोग मिला और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों पर 60 रनों की साझेदारी से स्थिति संभाल दी। मौजूदा सत्र में पहली ही एक सेंचुरी जड़ चुके सुदर्शन ने इस दौरान जहां लगातार चौथा व कुल पांचवां अर्धशतक जड़ा। साकिब हुसैन (2-37) ने 17वें ओवर में साई को आउट कर यह भागीदारी तोड़ी तो होल्डर (नाबाद 11 रन) के साथ 21 गेंदों पर 40 रन जोड़ने वाले सुंदर सत्र का दूसरा पचासा पूरा करने के बाद अंतिम ओवर में साकिब के ही शिकार बने।

बुधवार का मैच : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (रायपुर, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code