एसबीके सिंह दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर नियुक्त, गृह मंत्रालय ने सौंपा अतिरिक्त प्रभार
नई दिल्ली, 31 जुलाई। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 1988 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी एसबीके सिंह शुक्रवार (एक अगस्त) से दिल्ली पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
आदेश जारी, अगले निर्देश तक रहेगा प्रभार
गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस नियुक्ति को मंजूरी दी। वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक के रूप में कार्यरत सिंह को अगले आदेश तक यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। मंत्रालय ने इस आदेश की प्रति दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, उप राज्यपाल के प्रधान सचिव और संबंधित अधिकारियों को भेजी है, साथ ही इसे वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है।
संजय अरोड़ा का कार्यकाल समाप्त
उल्लेखनीय है कि मौजूदा पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा आज ही रिटायर हो रहे हैं। तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा ने एक अगस्त, 2022 को राकेश अस्थाना के स्थान पर दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला था।
एसबीके सिंह को व्यापक पुलिसिंग व आंतरिक सुरक्षा का अनुभव
एसबीके सिंह अपने व्यापक पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के अनुभव के लिए जाने जाते हैं। यह नियुक्ति प्रशासनिक फेरबदल के तहत की गई है और वह अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।
